FIFA World Cup 2026

सीरिया में फिर बिगड़े हालात, फ्रांसीसी राष्ट्रपति की मौजूदगी में धमाकों से मचा हड़कंप; राजधानी में हुआ विस्फोट

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान दमिश्क में फोर सीजन्स होटल के पास दो जोरदार धमाके हुए. घटना के समय मैक्रों राष्ट्रपति अहमद अल शरा से मुलाकात कर रहे थे.

@RealBababanaras X Account
Km Jaya

नई दिल्ली: सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को उस समय जोरदार धमाके हुए जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल शरा से मुलाकात कर रहे थे. धमाकों की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया. यह विस्फोट फोर सीजन्स होटल के पास हुए, जहां स्थानीय मीडिया के अनुसार मैक्रों ठहरे हुए थे. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी.

सीरियाई समाचार माध्यमों अल वतन और सीरिया टीवी नेटवर्क के अनुसार राजधानी के मध्य क्षेत्र में दो धमाके हुए. प्रत्यक्षदर्शियों ने घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार उठते देखा. हालांकि सीरियाई प्रशासन की ओर से घटना को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया.


कैसी थी वहां की स्थिति?

सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में एक वाहन आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है. कुछ तस्वीरों और वीडियो में सड़क पर खून के धब्बे भी नजर आए. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विस्फोट में कितने लोग घायल हुए या किसी की मौत हुई है. किसी भी संगठन ने अब तक इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है.

फ्रांस के राष्ट्रपति का यह दौरा क्यों है महत्वपूर्ण?

यह घटना ऐसे समय हुई है जब फ्रांस और सीरिया के बीच कूटनीतिक संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने की कोशिशें चल रही हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का यह दौरा कई वर्षों बाद किसी फ्रांसीसी राष्ट्रपति की सीरिया यात्रा माना जा रहा है. ऐसे महत्वपूर्ण दौरे के दौरान राजधानी में हुए धमाकों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है.

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी दमिश्क में जस्टिस पैलेस के पास स्थित एक कैफे में विस्फोटक उपकरण फटा था. उस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी और 20 अन्य घायल हुए थे. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

क्या था धमाके का कारण?

फिलहाल सीरियाई सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं और धमाकों के कारणों की जांच कर रही हैं. अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इन विस्फोटों का फ्रांस और सीरिया के राष्ट्रपतियों की बैठक पर कोई असर पड़ा या नहीं. दोनों नेताओं की सुरक्षा को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती गई है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है.