नई दिल्ली: सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को उस समय जोरदार धमाके हुए जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल शरा से मुलाकात कर रहे थे. धमाकों की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया. यह विस्फोट फोर सीजन्स होटल के पास हुए, जहां स्थानीय मीडिया के अनुसार मैक्रों ठहरे हुए थे. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी.
सीरियाई समाचार माध्यमों अल वतन और सीरिया टीवी नेटवर्क के अनुसार राजधानी के मध्य क्षेत्र में दो धमाके हुए. प्रत्यक्षदर्शियों ने घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार उठते देखा. हालांकि सीरियाई प्रशासन की ओर से घटना को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया.
Significant!
— Scharo Bajalan (@ScharoBajalan) July 7, 2026
A series of explosions have been reported across Damascus - while Macron is visiting Jolani.
Explosions have gone off near the Four seasons Hotel where Macron is staying in and other governmental institutions. pic.twitter.com/2NEcQqA2X3
सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में एक वाहन आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है. कुछ तस्वीरों और वीडियो में सड़क पर खून के धब्बे भी नजर आए. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विस्फोट में कितने लोग घायल हुए या किसी की मौत हुई है. किसी भी संगठन ने अब तक इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है.
यह घटना ऐसे समय हुई है जब फ्रांस और सीरिया के बीच कूटनीतिक संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने की कोशिशें चल रही हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का यह दौरा कई वर्षों बाद किसी फ्रांसीसी राष्ट्रपति की सीरिया यात्रा माना जा रहा है. ऐसे महत्वपूर्ण दौरे के दौरान राजधानी में हुए धमाकों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी दमिश्क में जस्टिस पैलेस के पास स्थित एक कैफे में विस्फोटक उपकरण फटा था. उस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी और 20 अन्य घायल हुए थे. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल सीरियाई सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं और धमाकों के कारणों की जांच कर रही हैं. अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इन विस्फोटों का फ्रांस और सीरिया के राष्ट्रपतियों की बैठक पर कोई असर पड़ा या नहीं. दोनों नेताओं की सुरक्षा को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती गई है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है.