होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से खोलने के लिए ट्रंप ने ईरान को कहा शुक्रिया, कच्चे तेल की कीमतें हुईं धड़ाम

ईरान के इस ऐलान के बाद MCX पर कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. शुक्रवार को WTI क्रूड ऑयल की कीमत 11.35 फीसदी गिर गई. वहीं 10.58 डॉलर की गिरावट के साथ WTI क्रूड ऑयल 83 डॉलर पर पहुंच गया है.

@BRICSinfo
Sagar Bhardwaj

मिडिल ईस्ट में शांति बहाली की उम्मीदों के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से खोल दिया है. ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने इस बाबत एक्स पर पोस्ट करते हुए ऐलान किया कि लेबनान में युद्धविराम को देखते हुए युद्धविराम के बचे हुए समय तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को व्यापारिक जहाजों के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है.

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा शुक्रिया

ईरान के इस कदम का अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वागत किया और ईरान के विदेश मंत्री अराघची का शुक्रिया अदा किया. बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप समेत पूरी दुनिया ईरान से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की गुहार लगा रही थी. ब्रिटेन में इसको लेकर बैठक भी हुई. राष्ट्रपति ट्रंप ने यहां तक कह दिया था कि अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खोला गया तो ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.

कच्चे तेल की कीमतें हुईं धड़ाम

ईरान के इस ऐलान के बाद MCX पर कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. शुक्रवार को WTI क्रूड ऑयल की कीमत 11.35 फीसदी गिर गई. वहीं 10.58 डॉलर की गिरावट के साथ WTI क्रूड ऑयल 83 डॉलर पर पहुंच गया है. वहीं  ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 9.42 फीसदी गिर गईं. ब्रेंट क्रूड ऑयल 9.21 डॉलर गिरकर 89.18 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.

बता दें कि होर्मुज के रास्ते दुनिया भर में 20 फीसदी तेल का आयात-निर्यात होता है. हर दिन यहां से करीब 150 तेल के जहाज गुजरते हैं. ईरान ने 28 फरवरी को इसे बंद कर दिया था, जिससे दुनियाभर के बाजारों में हाहाकार मच गया था. क्रूड ऑयल और एलपीजी की सप्लाई चेन प्रभावित होने से इनकी कीमतों में जबरदस्त इजाफा देखने को मिला था लेकिन अब ईरान के इस कदम के बाद सप्लाई चेन के फिर से नॉर्मल होने की उम्मीद है.