'देखते ही गोली मार दो'..., स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बारूदी सुरंग बिछाने वालों पर ट्रंप का वारंट, अमेरिकी नेवी को दी खुली छूट

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज में माइन बिछाने की आशंका पर सख्त सैन्य आदेश दिए हैं. उन्होंने अमेरिकी नौसेना को निर्देश दिया कि ऐसी किसी भी नाव को तुरंत मार गिराया जाए

Social media
Ashutosh Rai

ईरान के साथ लगातार बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना को एक कड़ा निर्देश जारी किया है. उन्होंने नौसेना को आदेश दिया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बारूदी सुरंगें बिछाने का संदेह होने पर किसी भी नाव के खिलाफ जानलेवा बल का इस्तेमाल किया जाए.

ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, "मैंने संयुक्त राज्य अमेरिका की नौसेना को आदेश दिया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पानी में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली किसी भी नाव को गोली मारकर नष्ट कर दिया जाए भले ही वे छोटी नावें ही क्यों न हों. इसमें किसी भी तरह की हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए." उन्होंने कहा कि 'देखते ही गोली मार दो'... होर्मुज में बारूदी सुरंग बिछाने वालों पर डोनाल्ड ट्रंप का 'डेथ वारंट', नेवी को खुली छूट!

यह बयान ऐसे समय में आया है जब यह डर बढ़ रहा है कि बारूदी सुरंगों का खतरा और दोनों नौसेनाओं के बीच टकराव की वजह से यह अहम व्यापारिक रास्ता उम्मीद से ज्यादा समय तक बंद रह सकता है.

अमेरिका कर रहा जहाजों पर कब्जा

पेंटागन ने कहा कि अमेरिकी सेनाओं ने रात में प्रतिबंधित और बिना किसी देश के टैंकर M/T Majestic X पर कब्जा कर लिया. उनका दावा है कि यह टैंकर ईरानी तेल ले जा रहा था. उन्होंने यह भी बताया कि नौसेना का एक डिस्ट्रॉयर ईरान से जुड़े एक और जहाज, Dorena को एस्कॉर्ट कर रहा है. इस जहाज पर आरोप है कि इसने नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश की थी.

तेल और गैस की कीमतों में उछाल

ईरान ने अपना रुख साफ कर दिया है. उसने कहा है कि जब तक अमेरिका सीजफायर का उल्लंघन करता रहेगा, तब तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह से नहीं खुलेगा. इस रुकावट की वजह से तेल और गैस की कीमतें पहले ही बढ़ चुकी हैं और वैश्विक बाजार हिल गए हैं.

ट्रंप का दावा

हालांकि, एक हफ़्ते पहले, ट्रंप ने दावा किया था कि दोनों पक्ष अब इस जलमार्ग को साफ करने की दिशा में काम कर रहे हैं. उन्होंने एक और पोस्ट में कहा, "ईरान, अमेरिका की मदद से, सभी समुद्री बारूदी सुरंगों को हटा चुका है, या हटा रहा है!" इससे यह संकेत मिलता है कि तनाव ज्यादा होने के बावजूद कुछ प्रगति हुई है.

ईरान को भी सभी बारूदी सुरंगों का पता नहीं

रिपोर्ट्स से पता चलता है कि बारूदी सुरंगों का खतरा जितना शुरू में सोचा गया था, उससे कहीं ज्यादा बड़ा हो सकता है. एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान को इस जलमार्ग को पूरी तरह से खोलने में मुश्किल हो रही है. बताया जा रहा है कि उनको भी सभी बारूदी सुरंगों का पता नहीं है, जिन्हें उसने संघर्ष के दौरान बिछाया था.