IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026

'उसने मेरी चापलूसी के लिए फोन किया था...', टिम कुक के इस्तीफे पर डोनाल्ड ट्रंप का बड़बोलापन; स्टीव जॉब्स से भी बताया बेहतर

Apple के सीईओ टिम कुक के पद छोड़ने के ऐलान के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मजेदार अंदाज में पोस्ट कर सबको चौंका दिया.

X
Ashutosh Rai

दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शुमार Apple के सीईओ टिम कुक ने जैसे ही इस साल के अंत में अपना पद छोड़ने का ऐलान किया, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पर अपनी दिलचस्प प्रतिक्रिया दे दी. हालांकि, ट्रंप का यह पोस्ट टिम कुक की विदाई और उनके सम्मान से ज्यादा खुद की तारीफों और 'बड़बोलेपन' से भरा हुआ था.

ट्रुथ सोशल पर किया पोस्ट

अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने कुक को एक "शानदार इंसान" बताया, लेकिन साथ ही यह दावा भी किया कि एप्पल के बॉस उन्हें फोन करके उनकी 'चापलूसी' किया करते थे और उन्होंने कुक की कई बार बड़ी मदद की है.

ट्रंप का दावा: जॉब्स से बेहतर CEO हैं टिम कुक

ट्रंप ने अपने पोस्ट में एप्पल के दो सबसे बड़े दिग्गजों टिम कुक और कंपनी के दूरदर्शी दिवंगत को-फाउंडर स्टीव जॉब्स की तुलना भी कर डाली. ट्रंप ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर स्टीव जॉब्स आज जिंदा होते, तो भी वह कंपनी को उतने बेहतरीन तरीके से नहीं चला पाते, जितना टिम कुक ने चलाया है. 

ट्रंप ने लिखा, "मैं हमेशा से टिम कुक का बहुत बड़ा फैन रहा हूं, और स्टीव जॉब्स का भी. लेकिन अगर स्टीव इतनी कम उम्र में न जाते और कंपनी चला रहे होते, तो एप्पल अच्छा तो करता, लेकिन टिम के नेतृत्व जितना शानदार प्रदर्शन नहीं कर पाता."

"वाह! 'टिम एप्पल' का फोन आया..."

ट्रंप ने अपने जाने-पहचाने अंदाज में एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए लिखा, "जब मुझे फोन आया, तो मैंने खुद से कहा, वाह! यह तो टिम एप्पल का फोन है. यह बहुत बड़ी बात है! एप्पल का बॉस मुझे फोन करके 'मेरी चापलूसी' कर रहा है. इस बात से मैं खुद काफी इम्प्रेस हुआ." ट्रंप ने आगे बताया कि उन्होंने कुक का वह काम बेहद तेजी और असरदार तरीके से करवा दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच एक लंबे और अच्छे रिश्ते की शुरुआत हुई.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान कुक उन्हें कभी-कभार फोन करते थे. ट्रंप के मुताबिक, "सालों बाद जब मैंने 3 या 4 बार उनकी 'बड़ी मदद' कर दी, तो मैंने लोगों से कहना शुरू किया कि यह इंसान एक जबरदस्त मैनेजर और लीडर है. वह मुझे फोन करते हैं और मैं उनकी मदद करता हूं."

रिटायर हो रहे टिम कुक

बता दें कि साल 2011 में एप्पल की कमान संभालने वाले टिम कुक इस साल के अंत में रिटायर हो रहे हैं. उनके इस लंबे कार्यकाल में एप्पल ने टेक और AI की दुनिया में अपना दबदबा कायम किया है. कुक के इस्तीफे के बाद अब हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जॉन टर्नस एप्पल के नए सीईओ का पदभार संभालेंगे.