Asian Games 2026

बलूचिस्तान में खतरे में चीनी प्रोजेक्ट्स, BLA ने 6 मजदूरों को उतारा मौत के घाट

बलूचिस्तान में किडनैप किए गए 6 मजदूरों की हत्या के बाद BLA ने चीन समर्थित परियोजनाओं को निशाना बनाने की चेतावनी दी है. इससे पाकिस्तान और चीन दोनों की सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं.

@lindberg_clara
Sagar Bhardwaj

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा हालात एक बार फिर गंभीर हो गए हैं. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने चीन समर्थित परियोजनाओं को बंद करने की चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि विकास परियोजनाएं जारी रहीं तो उन पर हमले किए जा सकते हैं. यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब केच जिले के तुर्बत क्षेत्र के पास अगवा किए गए छह मजदूरों के शव बरामद हुए हैं. इस घटना ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.

 छह अपहृत मजदूरों के शव मिलने से सनसनी

पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मजदूरों का अपहरण केच जिले के कलातुक इलाके से किया गया था. अधिकारियों का दावा है कि हथियारबंद हमलावरों ने पहले एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी और छह अन्य लोगों को अपने साथ ले गए. बाद में इन छह लोगों के शव तुर्बत के निकट एक दूरदराज क्षेत्र से बरामद किए गए. मृतकों में पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा के निवासी शामिल बताए जा रहे हैं, जो इलाके में विकास कार्यों से जुड़े हुए थे. हालांकि, स्वतंत्र रूप से इन दावों की पुष्टि नहीं हो सकी है.

 चीनी परियोजनाओं से दूर रहने की धमकी

हाल के दिनों में BLA ने सार्वजनिक चेतावनी जारी कर लोगों से चीन समर्थित परियोजनाओं, खनन स्थलों और खनिज विकास कार्यों से दूर रहने को कहा था. संगठन ने दावा किया कि उसकी चेतावनी केवल बाहरी मजदूरों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय कर्मचारियों, इंजीनियरों, ठेकेदारों और अधिकारियों पर भी लागू होती है. विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान चीन-पाकिस्तान आर्थिक गतिविधियों पर दबाव बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है.


चीन की बढ़ी चिंता, पाकिस्तान पर दबाव

बलूचिस्तान में लगातार हो रहे हमलों ने चीन की चिंता भी बढ़ा दी है. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, चीन पहले ही पाकिस्तान से अपने नागरिकों और निवेश से जुड़ी परियोजनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जता चुका है. बलूचिस्तान में चीन की कई रणनीतिक परियोजनाएं और निवेश चल रहे हैं, जिनकी सुरक्षा पाकिस्तान के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है.

क्या है BLA और क्यों करता है विरोध?

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) एक प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन है, जो बलूचिस्तान में लंबे समय से सक्रिय है. संगठन का दावा है कि वह प्रांत के प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार और अधिक स्वायत्तता की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है. दूसरी ओर, पाकिस्तान सरकार BLA को आतंकवादी संगठन मानते हुए उसके खिलाफ लगातार सुरक्षा अभियान चलाती रही है. हालिया घटनाओं ने एक बार फिर बलूचिस्तान में सुरक्षा, निवेश और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं.