चीन ने संसद सत्र में पेश किया भारत को पीछे छोड़ने का प्लान, PM कियांग ने किए बजट में बड़े एलान

China News: चीनी संसद के वार्षिक सत्र के दौरान प्रधानमंत्री ली कियांग ने भविष्य की योजनाओं और नीतियों पर रिपोर्ट पेश की. बेरोजगारी के भयंकर संकट से जूझ रहे चीन ने करोडों नौकरियां देने का भी वादा किया है.

India Daily Live

China News: आर्थिक मंदी और बेरोजगारी के भयंकर संकट से जूझ रहे चीन ने साल 2024 के लिए पांच फीसदी की मामूली आर्थिक बढ़त हासिल करने का लक्ष्य रखा है. चीन ने देश में 1.2 करोड़ नौकरियां पैदा करने का भी जनता को आश्वासन दिया है. चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग ने देश की संसद  नेशनल पीपुल्स कांग्रेस NPC के उद्घाटन सत्र में दो रिपोर्ट पेश की.  इनमें एक रिपोर्ट में भारत को पीछे छोड़ने का भी प्लान शामिल है. 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  चीन में बच्चे पैदा करने के लिए सरकार द्वारा सहायता करने का जिक्र है. पहली रिपोर्ट में कहा गया है कि बच्चे पैदा होने के बाद माता पिता को देखभाल के लिए ज्यादा सरकारी छुट्टियां दी जाएंगी. पीएम कियांग द्वारा पेश की गई रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार द्वारा बच्चों की देखभाल के लिए अनुदान सहायता भी दी जाएगी. रिपोर्ट के अनुसार, यदि सरकारी नीतियां सफल रहीं तो चीन एक बार फिर दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन जाएगा और भारत पीछे छूट जाएगा. 

चीन में जनसंख्या में लगातार गिरावट आ रही है. चीन में कई प्रांत जनसंख्या में हो रही गिरावट के चलते तमाम तरह की नीतियां चला रहे हैं. इन नीतियों के तहत माता पिता को सरकारी सहायता, शिक्षा को सस्ता बनाने की बात और पेंशन बढ़ाने का भी वादा किया गया है. चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के अनुसार चीन 2023 में चीन में लोगों की कुल संख्या 2.08 मिलियन या 0.15 फीसदी घटकर 1.409 बिलियन रह गई है. 

चीन के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती उसकी मंद अर्थव्यवस्था है.  चीन में इस साल बेरोजगारी दर 5.5 फीसदी रहने का अनुमान लगाया गया है. एक हफ्ते तक चलने वाले संसद  नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (NPC) के सत्र में पूरे देश से लगभग 2000 प्रतिनिधियों ने भाग लिया. इस दौरान देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विचार विमर्श किया गया.