चीन ने अंतरिक्ष में तैनात किया 'दितिंग' नाम का दैत्य, अब स्पेस से सुनेगा दुश्मन के रडार और मिलिट्री सिग्नल
चीन ने 'दितिंग' नाम के 3 सिग्नल इंटेलिजेंस सैटेलाइट लॉन्च किए हैं. ये सैटेलाइट अंतरिक्ष से दुश्मन देशों के रडार, सैन्य संचार और रेडियो सिग्नल पकड़कर उनकी सटीक लोकेशन ट्रैक करेंगे.
चीन ने जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लिजियन-1 Y18 रॉकेट के जरिए कुल 9 सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में भेजे हैं. इनमें 3 'दितिंग-01' सैटेलाइट शामिल हैं. चीनी पौराणिक कथाओं में 'दितिंग' एक ऐसा जीव माना जाता है जो केवल सुनकर हर बात का पता लगा लेता है. इन्हीं की तर्ज पर इन आधुनिक सैटेलाइट्स का नाम रखा गया है.
अंतरिक्ष से सिग्नल पर नजर
दितिंग सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में चीन के बेहद संवेदनशील 'कान' के रूप में कार्य करेंगे. ये धरती से उठने वाली रेडियो फ्रीक्वेंसी, युद्धपोतों के रडार, सैन्य संचार नेटवर्क और इलेक्ट्रॉनिक जैमर्स के सिग्नल को आसानी से पकड़ सकते हैं. ये न केवल सिग्नल सुनेंगे, बल्कि उनकी सटीक लोकेशन भी ढूंढ निकालेंगे.
युद्ध और सुरक्षा में भूमिका
यदि कोई दुश्मन युद्धपोत अपनी पहचान छिपाने के लिए ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) बंद कर देता है, तब भी ये सैटेलाइट्स उसे खोज सकते हैं. इसके अलावा, छिपे हुए एयर-डिफेंस रडार और विरोधी सेना के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम का पूरा नक्शा तैयार करने में इनसे चीन को बड़ी मदद मिलेगी.
Also Read
व्यापक कवरेज और तकनीक
चांग गुआंग सैटेलाइट टेक्नोलॉजी द्वारा निर्मित और StarRF द्वारा संचालित ये सैटेलाइट्स चीन के पहले कमर्शियल सिग्नल इंटेलिजेंस नेटवर्क का हिस्सा हैं. जमीन पर बने पारंपरिक निगरानी केंद्रों की तुलना में अंतरिक्ष आधारित यह रेडियो फ्रीक्वेंसी प्रणाली समुद्र और जमीन के विशाल इलाकों पर एक साथ नजर रख सकती है.