iPhone से महंगे परफ्यूम तक, होर्मुज स्ट्रेट में डूबा जहाज; VIDEO में देखें समुद्र में तैरता सामान

होर्मुज स्ट्रेट में UAE के स्वामित्व वाला मालवाहक जहाज GFS Pride डूबने के बाद समुद्र में iPhone और महंगे परफ्यूम की बोतलें तैरती नजर आईं.

@ME_Observer_and Gemini
Reepu Kumari

होर्मुज स्ट्रेट में एक मालवाहक जहाज के डूबने के बाद सामने आए वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है. समुद्र की लहरों के बीच iPhone और महंगे विदेशी परफ्यूम की बोतलें तैरती दिखाई दे रही हैं. छोटी नावों पर सवार लोग पानी में बिखरे सामान को इकट्ठा करते नजर आते हैं. यह जहाज UAE के स्वामित्व वाला बताया जा रहा है. घटना ऐसे समय हुई है, जब इस अहम समुद्री रास्ते पर व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं.

दुबई से निकला था जहाज

बताया जा रहा है कि GFS Pride दुबई से करीब 2,500 कंटेनर लेकर जा रहा था. इनमें इलेक्ट्रॉनिक सामान, iPhone और महंगे परफ्यूम भी शामिल थे. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि जहाज समुद्री बारूदी सुरंग की चपेट में आया. दूसरी ओर, समुद्री अधिकारियों ने किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमले की जानकारी दी.

जहाज में आग लगने की भी खबर

रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर के झंडे के तहत चल रहा कंटेनर जहाज GFS Pride बुधवार को समुद्री माइन या किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने के बाद डूब गया. जहाज में आग लगने की भी खबर है. इस पर सवार सभी 21 क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. 


दुनिया के लिए क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट?

होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है. दुनिया की बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) इसी रास्ते से गुजरती है. यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने पर ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर असर पड़ सकता है. 

पहले भी निशाने पर आ चुके हैं मालवाहक जहाज

रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले 23 सितंबर को एंटीगुआ और बारबुडा के झंडे वाला मालवाहक जहाज Cape Dao भी होर्मुज स्ट्रेट के पास प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने के बाद डूब गया था. उस घटना में एक क्रू सदस्य की मौत हुई थी, जबकि अन्य लोगों को बचा लिया गया था. यूके मेरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस एजेंसी ने भी 48 घंटे के भीतर इस इलाके में कम से कम पांच घटनाएं दर्ज की थीं. 

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच बढ़ी समुद्री सुरक्षा की चिंता

रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान अमेरिकी नाकेबंदी और प्रतिबंधों के जवाब में होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश कर रहा है. 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ा. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने संकेत दिया कि तेहरान इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों के खिलाफ नई रणनीतियां अपना रहा है.