पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला: विस्फोटक लदे वाहन से उड़ी चेकपोस्ट, 11 पुलिसकर्मियों की मौत
आईएसपीआर ने कहा कि यह हमला प्रतिबंधित संगठन Tehrik-i-Taliban Pakistan (टीटीपी) से जुड़े आतंकियों ने किया. इस घटना में एक मासूम बच्ची की भी मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर जिले में मंगलवार को बड़ा आतंकवादी हमला हुआ. पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग Inter-Services Public Relations (आईएसपीआर) ने बताया कि आतंकियों ने एक संयुक्त सुरक्षा चेकपोस्ट को निशाना बनाया. इस हमले में 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत 7 लोग घायल हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक, हमलावर विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर चेकपोस्ट तक पहुंचे. पहले सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई. इसके बाद आतंकियों ने धमाकों से भरी गाड़ी को चौकी की दीवार से टकरा दिया. टक्कर के तुरंत बाद जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया.
आसपास के घर भी क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका बेहद शक्तिशाली था. विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई. आसपास के कई घरों की दीवारें दरक गईं और खिड़कियों के शीशे टूट गए. इस घटना में एक मासूम बच्ची की भी मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान पर आरोप
आईएसपीआर ने कहा कि यह हमला प्रतिबंधित संगठन Tehrik-i-Taliban Pakistan (टीटीपी) से जुड़े आतंकियों ने किया. सेना के बयान के अनुसार, सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में 12 हमलावर मारे गए. हालांकि, अपनी आखिरी कोशिश में आतंकियों ने विस्फोटक वाहन से चेकपोस्ट को उड़ा दिया, जिससे बड़ा नुकसान हुआ.
घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां हमले की पूरी जांच कर रही हैं. पाकिस्तान में हाल के महीनों में आतंकी गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. सरकार ने दोषियों को कड़ी सजा देने का भरोसा दिलाया है.