बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, बम धमाके और मोहम्मद यूनुस के घर आगजनी से हड़कंप
बांग्लादेश एक बार फिर राजनीतिक तनाव और हिंसा की चपेट में आ गया है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के ऐलान से पहले कई शहरों में बम धमाके, आगजनी और हमले हुए हैं.
नई दिल्ली: बांग्लादेश एक बार फिर राजनीतिक तनाव और हिंसा की चपेट में आ गया है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के ऐलान से पहले कई शहरों में बम धमाके, आगजनी और हमले हुए हैं. राजधानी ढाका समेत कई इलाकों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. इस हिंसा के बीच पुलिस और सुरक्षा बलों ने गिरफ्तारी अभियान तेज कर दिया है.
ढाका समेत कई शहरों में बम धमाके और आगजनी:
रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका में कई देसी बम धमाके हुए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई. देश के अलग-अलग जिलों में गाड़ियों को आग के हवाले किया गया और कई जगह हिंसक घटनाएं सामने आईं.
सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में मोहम्मद यूनुस से जुड़े ग्रामीण बैंक की कुछ शाखाओं को निशाना बनाकर आगजनी की गई. चटगांव के पांचलाइस इलाके में मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में भी आग लगा दी गई. इसके अलावा, ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमले और आगजनी की खबरें सामने आई हैं.
Also Read
हिंसा में कई लोगों की मौत, दर्जनों जिलों में धमाके:
बांग्लादेश के 64 जिलों में से करीब 28 जिलों में बम धमाकों की घटनाएं सामने आने का दावा किया गया है. हिंसा में कई लोगों की जान गई है और कुछ लोग घायल भी हुए हैं. नराइल जिले में एक राजनीतिक मार्च के दौरान हमले में दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई. वहीं, फरीदपुर और पिरोजपुर में भी हिंसक घटनाओं के दौरान दो अन्य लोगों की मौत की खबर है. राजधानी ढाका में भी कई लोग घायल हुए हैं.
शेख हसीना की वापसी के बयान से बढ़ा तनाव:
अवामी लीग ने यह लॉकडाउन शेख हसीना को सुनाई गई सजा की बरसी के मौके पर बुलाया है. हसीना अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद भारत में रह रही हैं. इस महीने उन्होंने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कही थी. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक तनाव और बढ़ गया. मौजूदा सरकार और अवामी लीग के बीच टकराव लगातार बढ़ रहा है. राजनीतिक नेताओं के बयान भी माहौल को और तनावपूर्ण बना रहे हैं.
सुरक्षा बढ़ाई गई, सैकड़ों लोग गिरफ्तार:
हिंसा को रोकने के लिए कई संवेदनशील जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के जवानों को तैनात किया गया है. पुलिस ने ढाका में 24 घंटे के अभियान के दौरान 565 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद का नाम भी शामिल बताया गया है. गृह मंत्री ने कहा है कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.