छत पर पिता, सीढ़ियों पर मां-बेटी और बेड के नीचे 12 साल के बेटे का शव... बांग्लादेश में 4 मौतों से मचा हड़कंप
बांग्लादेश के रंगपुर में एक परिवार के चार सदस्य बंद घर में मृत मिले. पुलिस को शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या की आशंका है. पुलिस, सीआईडी और डिटेक्टिव ब्रांच संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं.
बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है. दासपारा इलाके के बंद मकान से रिटायर्ड शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव बरामद हुए. शनिवार रात घर का ताला तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो शव अलग-अलग जगहों पर मिले. शुरुआती जांच में अधिकारियों को हत्या का संदेह है. हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
अलग-अलग जगह मिले चारों शव
पुलिस के अनुसार मृतकों में रंगपुर जिला स्कूल के रिटायर शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता, 23 वर्षीय बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटा प्रियम शामिल हैं. मां और बेटी के शव सीढ़ियों के पास मिले. गणपति का शव छत पर था, जबकि बेटे का शव बिस्तर के नीचे मिला. शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने घर का ताला तोड़कर सभी शव बाहर निकाले.
गुरुवार से बंद थे परिवार के फोन
परिजनों के मुताबिक परिवार के चारों मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद मिल रहे थे. प्रीतिलता की बहन पूजा चक्रवर्ती ने बताया कि उन्होंने गुरुवार दोपहर आखिरी बार अपनी बहन से बातचीत की थी. लगातार संपर्क नहीं होने पर शनिवार रात रिश्तेदार घर पहुंचे. मुख्य दरवाजा बंद था और भीतर रोशनी नहीं थी. संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची.
Also Read
गला घोंटकर हत्या का संदेह
सीआईडी के अधिकारियों ने शुरुआती जांच के आधार पर चारों की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है. वारदात गुरुवार आधी रात से शुक्रवार तड़के के बीच होने का अनुमान है. हालांकि अभी हत्या की पुष्टि नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा. पुलिस के मुताबिक परिवार की किसी से दुश्मनी होने की जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे जांच कई पहलुओं से की जा रही है.
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस, CID और डिटेक्टिव ब्रांच की टीमें मामले की पड़ताल कर रही हैं. पुलिस परिवार के परिचितों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है. गणपति पिछले साल 31 दिसंबर को शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे और बाद में होम्योपैथी का काम करते थे. उनकी बेटी ने हाल में अंग्रेजी में परास्नातक पूरा किया था, जबकि बेटा पांचवीं कक्षा में पढ़ता था. पुलिस आयुक्त ने जांच को प्राथमिकता देने की बात कही है.