Bangladesh News: बांग्लादेश के मुखिया मोहम्मद यूनुस से छिनेगा नोबल पुरस्कार! तसलीमा नसरीन की अपील सुनेगी नोबेल समिति?
बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं. निर्वासित बांग्लादेशी लेखिका और मानवाधिकार कार्यकर्ता तसलीमा नसरीन ने नोबेल समिति से यूनुस के 2006 में मिले नोबेल शांति पुरस्कार पर पुनर्विचार करने की मांग की है.
Mohammad Yunus News: बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं. निर्वासित बांग्लादेशी लेखिका और मानवाधिकार कार्यकर्ता तसलीमा नसरीन ने नोबेल समिति से यूनुस के 2006 में मिले नोबेल शांति पुरस्कार पर पुनर्विचार करने की मांग की है. नसरीन का आरोप है कि यूनुस ने अपनी गतिविधियों से न केवल बांग्लादेश में अशांति फैलाई, बल्कि नोबेल पुरस्कार की गरिमा को भी ठेस पहुंचाई. तसलीमा नसरीन ने अपने एक्स अकाउंट पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा, “यूनुस ने नोबेल पुरस्कार की प्रतिष्ठा को धूमिल किया है.
एक ऐसे व्यक्ति को नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया है जिन्होंने अशांति फैलाई है. अब से कोई भी शांति पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं पर विश्वास नहीं करेगा. इसके बजाय लोग सोचेंगे कि क्या वह व्यक्ति वास्तव में बुरा है. नोबेल समिति को इस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है.” नसरीन ने नॉर्वेजियन नोबेल समिति को पत्र लिखकर यूनुस के पुरस्कार को असाधारण परिस्थितियों में वापस लेने की संभावना पर विचार करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा, “मुझे पता है कि एक बार नोबेल शांति पुरस्कार दिया जाता है, तो उसे वापस नहीं लिया जा सकता, लेकिन कृपया विचार करें कि क्या यह असाधारण परिस्थितियों में संभव है? आपने बांग्लादेश के मोहम्मद यूनुस को नोबेल शांति पुरस्कार दिया, लेकिन उन्होंने शांति के लिए एक भी काम नहीं किया.”
महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के आरोप
नसरीन ने यूनुस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि ग्रामीण बैंक के संस्थापक यूनुस ने टैक्स चोरी की कोशिश की और बैंक के विदेशी फंड का दुरुपयोग कर अपने निजी व्यवसाय स्थापित किए. उन्होंने कहा, “जब महिलाएं जिन्होंने माइक्रो लोन लिया था, ब्याज के साथ राशि वापस नहीं कर सकीं, तो ग्रामीण बैंक के कर्मचारियों ने उनके घरों को ध्वस्त कर दिया. ऐसे व्यक्ति को शांति का प्रतीक कैसे माना जा सकता है?” नसरीन के अनुसार, यूनुस ने उन गरीब महिलाओं को प्रताड़ित किया, जिन्हें वे कथित रूप से सशक्त बनाने का दावा करते थे.
पाकिस्तानी एजेंट और भारत के खिलाफ युद्ध की साजिश
तसलीमा नसरीन ने यूनुस पर 1971 में पराजित पाकिस्तानी सेना के लिए काम करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि यूनुस ने जिहादी आतंकवादियों के साथ मिलकर बांग्लादेश में अवैध रूप से सत्ता हथिया ली. नसरीन ने कहा, “पिछले नौ महीनों में विपक्षी नेताओं और अल्पसंख्यक हिंदुओं को उनके आदेश पर मार दिया गया है. उनके घरों को जलाया और नष्ट कर दिया गया है. कई लोगों को गलत तरीके से जेल में डाल दिया गया है.” इसके अलावा, उन्होंने यूनुस पर भारत के खिलाफ युद्ध की योजना बनाने का आरोप लगाया. नसरीन ने चेतावनी दी, “यूनुस पड़ोसी भारत के खिलाफ युद्ध की तैयारी कर रहे हैं. बांग्लादेश के पास भारत के खिलाफ युद्ध करने की कोई क्षमता नहीं है, फिर भी अपने भ्रम में वह देश के लाखों लोगों को मौत की ओर धकेल रहे हैं.”
बांग्लादेश का संकट और यूनुस की भूमिका
नसरीन ने यूनुस को बांग्लादेश को आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक संकट में धकेलने का जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा, “जिहादी आतंकवादियों के हमलों के कारण उद्योग बंद हो गए हैं, आर्थिक स्थिति भयानक होने वाली है, लेकिन यूनुस चिंतित नहीं हैं. नसरीन ने यूनुस के व्यवहार को “असभ्य, बर्बर और क्रूर” करार देते हुए कहा कि उनके दिल में नफरत और प्रतिशोध है, और उनका शांति स्थापित करने का कोई इरादा नहीं है.
नोबेल समिति से उदाहरण स्थापित करने की मांग
नसरीन ने नोबेल समिति से अपील की कि यूनुस का पुरस्कार वापस लेकर शांति के पक्ष में एक उदाहरण स्थापित किया जाए. उन्होंने कहा कि पिछले नौ महीनों में बांग्लादेश में एक भी दिन शांति नहीं रही, फिर भी यूनुस को शांति का प्रतीक माना गया. यह विवाद न केवल यूनुस की छवि पर सवाल उठाता है, बल्कि नोबेल पुरस्कार की चयन प्रक्रिया पर भी बहस छेड़ सकता है.