Sawan 2026 Commonwealth Games 2026

'सैन्य कार्रवाई की निंदा...', ईरान पर अटैक होते ही पाकिस्तान ने बदला पाला; किसे घुमाया फोन?

पाकिस्तान ने अमेरिका-इजरायल की कार्रवाई पर अलग रुख अपनाया है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने ईरानी विदेश मंत्री से फोन पर बात कर हमलों को बेवजह और गैर-जरूरी बताया है.

Anuj

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में हालात तेजी से बिगड़ गए हैं. शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के कई शहरों पर बड़े हवाई हमले किए. शुरुआती हमला ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के दफ्तर के पास बताया जा रहा है.

इसके बाद राजधानी तेहरान सहित अन्य स्थानों पर भी विस्फोट और हमलों की खबरें आई. इन हमलों को क्षेत्रीय संघर्ष की बड़ी शुरुआत माना जा रहा है और इसके बाद दुनिया के कई देशों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं.

पाकिस्तान ने क्या कहा?

पाकिस्तान ने अमेरिका-इजरायल की कार्रवाई पर अलग रुख अपनाया है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने ईरानी विदेश मंत्री से फोन पर बात कर हमलों को बेवजह और गैर-जरूरी बताया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस सैन्य कार्रवाई की निंदा करता है और तनाव कम करने के लिए तुरंत कूटनीतिक प्रयास शुरू किए जाने चाहिए. विश्लेषकों का मानना है कि हाल के समय में अमेरिका और पाकिस्तान के रिश्ते बेहतर हुए थे, लेकिन ईरान पर हमले के मुद्दे पर पाकिस्तान ने स्पष्ट रूप से अलग रुख दिखाया है.


रूस ने दी प्रतिक्रिया

ईरान पर हमलों को लेकर रूस ने भी प्रतिक्रिया दी है. रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा हालात अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप नहीं हैं और संकट का हल बातचीत से निकलना चाहिए. रूस ने कहा कि वह पहले की तरह शांति और संतुलन के आधार पर समाधान खोजने में मदद करने को तैयार है. रूस का यह बयान संकेत देता है कि संघर्ष बढ़ने पर बड़े देशों की कूटनीतिक सक्रियता भी बढ़ सकती है.

राष्ट्रपति ट्रंप ने वीडियो संदेश किया जारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमलों के बाद एक वीडियो संदेश जारी किया. उन्होंने कहा कि ईरान में बड़े सैन्य अभियान चल रहे हैं और जब यह अभियान खत्म होगा तो ईरानी जनता को अपनी सरकार पर नियंत्रण करना चाहिए. ट्रंप ने यह भी कहा कि यह ईरान के लोगों के लिए अपने भविष्य को बदलने का मौका हो सकता है. उनके बयान से साफ है कि सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ राजनीतिक दबाव भी बनाया जा रहा है.

ईरान ने दी धमकी

वहीं, इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद तेहरान की ओर से पहला तीखा बयान सामने आया है. ईरान ने साफ कहा है कि लड़ाई की शुरुआत इजरायल और अमेरिका ने की है, लेकिन इसका अंत ईरान करेगा. ईरानी नेताओं ने चेतावनी दी है कि जवाबी कार्रवाई की तैयारी पूरी है और जल्द ही दोनों देशों को कड़ा सैन्य जवाब दिया जाएगा.