"आपके तथ्य गलत, मेरे पिता ने मिजोरम नहीं पूर्वी पाकिस्तान पर गिराए थे बम", सचिन पायलट का अमित मालवीय को जवाब
Mizoram Bombing: सचिन पायलट और बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय के बीच ट्विटर वार जारी है. सचिन पायलट ने अपने पिता राजेश पायलट पर की गई टिप्पणी को लेकर अमित मालवीय पर निशाना साधा है.
नई दिल्ली: सचिन पायलट और बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय के बीच ट्विटर वार जारी है. सचिन पायलट ने अपने पिता राजेश पायलट पर की गई टिप्पणी को लेकर अमित मालवीय पर निशाना साधा है. दरअसल अमित मालवीय ने ट्वीट करते हुए लिखा कि "राजेश पायलट और सुरेश कलमाड़ी भारतीय वायुसेना के उन विमानों को उड़ा रहे थे जिन्होंने 5 मार्च 1966 को मिज़ोरम की राजधानी आइजोल पर बम गिराए. बाद में दोनों कांग्रेस के टिकट पर सांसद और सरकार में मंत्री भी बने. स्पष्ट है कि नार्थ ईस्ट में अपने ही लोगों पर हवाई हमला करने वालों को इंदिरा गांधी ने बतौर इनाम राजनीति में जगह और सम्मान दिया.
अमित मालवीय के इस ट्टीट के बाद सचिन पायलट ने ट्वीट करते हुए कहा कि "आपके पास गलत तारीखें और गलत तथ्य हैं. हां भारतीय वायु सेना के पायलट के रूप में मेरे दिवंगत पिता ने बम गिराए थे लेकिन वे 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान पर गिराए थे ना कि जैसा कि आप दावा करते हैं कि 5 मार्च 1966 को मिजोरम पर. राजेश पायलट 29 अक्टूबर 1966 को ही भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था"
सचिन पायलट ने अपने ट्वीट में एक प्रमाणपत्र को अटैच करते हुए लिखा कि "हां 80 के दशक में एक राजनेता के रूप में मेरे पिता ने मिजोरम में युद्ध विराम करवाने और स्थाई शांति संधि स्थापित करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका जरूर निभाई थी. स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, जय हिन्द''
मणिपुर हिंसा को लेकर संसद में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर पीएम मोदी ने कांग्रेस शासनकाल में हुई घटनाओं का जिक्र किया था. पीएम मोदी ने कहा कि पांच मार्च 1966 कांग्रेस ने मिजोरम में असहाय नागरिकों पर अपनी वायुसेना से हमला करवाया था. क्या मिजोरम के लोग भारत के नागरिक नहीं थे. निर्दोष नागरिकों पर कांग्रेस ने हमला करवाया था. आज भी पांच मार्च को पूरा मिजोरम शोक मनाता है. कांग्रेस ने इस सच को छिपाया, कभी घाव भरने की कोशिश नहीं की. इस वक्त इंदिरा गांधी पीएम थी. अकाल तख्त पर हमला सबको याद है लेकिन ऐसे हमले पहले ही शुरू हो गए थे.
यह भी पढ़ें: "CM नीतीश कुमार को देना चाहिए इस्तीफा....", समस्तीपुर में SHO की मौत पर सम्राट चौधरी का बड़ा बयान