Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

Weather Updates: दिल्ली-NCR में रातभर रिमझिम बारिश, आज उत्तराखंड-हिमाचल समेत कई राज्यों में बरसेंगे बादल; IMD का अलर्ट

Weather Updates: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआऱ में गुरुवार पूरी रात रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा. शुक्रवार सुबह भी कई इलाकों में बारिश हुई. आज बारिश को लेकर आईएमडी ने अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल समेत अन्य राज्यों में बारिश की भविष्यवाणी की गई है.

X Post
India Daily Live

Weather Updates: दिल्ली-NCR समेत कई अन्य राज्यों में बारिश का दौर जारी है. शुक्रवार यानी आज सुबह भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआऱ के इलाकों में रिमझिम बारिश होती रही. पूरी रात चले रिमझिम बारिश के दौर की वजह से कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा दिखा. दिल्ली में इंडिया गेट, जनपथ रोड, आरके पुरम, कालिंदीकुंज समेत आसपास के इलाकों में बुधवार की रात से ही बारिश जारी है. बारिश को लेकर आईएमडी ने आज अलर्ट जारी किया है. 

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ यूपी के कुछ जिलों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों या फिर एक-दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा. बारिश की वजह से लोगों को गर्मी और उसम से राहत मिली है. एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मिनिमम टेम्प्रेचर 23.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली समेत कुछ जगहों पर भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है.

उत्तराखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश की आशंका

IMD के मुताबिक, पहाड़ी  राज्य उत्तराखंड में शनिवार तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है. इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहने की आशंका जताई गई है. इसके अलावा, हरियाणा में आज से लेकर रविवार तक बारिश की आशंका है. उत्तर प्रदेश में भी बारिश का पूर्वानुमान है.

राजस्थान में भी शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. गुरुवार को राज्य के धौलपुर में सबसे ज्यादा 237 मिलीमीटर बारिश हुई. यहां के राजाखेड़ा के कई इलाकों में पानी भर गया. इसके अलावा, झालावाड़ के अकलेरा, सवाई माधोपुर में भी गुरुवार को जमकर बारिश हुई. राज्य के मौसम केंद्र के मुताबिक, भारी बारिश के आसार लगातार बने हुए हैं.

वहीं, राजस्थान के पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में भी बारिश की आशंका जताई गई है. दतिया, ग्वालियर में बारिश के जारी रहने की संभावना है. इन इलाकों में कई जगहों पर बारिश के बाद जलजमाव हो गया. फिलहाल, बारिश से राहत को लेकर कोई अपडेट नहीं है. छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. राज्य सरकार ने अधिकारियों को बारिश के बाद होने वाले परेशानियों से निपटने के निर्देश दिए हैं.

जल्द ही मानसून लेगा विदाई?

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून जल्द ही विदाई ले सकता है. अगले हफ्ते यानी 17 सितंबर के आसपास मानसून विदाई लेना शुरू कर देगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सितंबर के दूसरे भाग में मानसून उत्तर-पश्चिम भारत से विदा होना शुरू हो जाता है. अगले एक महीने में यानी 15 अक्टूबर तक मानसून पूरी तरह से उत्तर पश्चिम भारत से विदा हो जाता है.