Weather Update: कहां होगी बारिश, कहां बर्फबारी और कहां पड़ेगी कड़ाके की ठंड, एक क्लिक में जानें पूरे देश का मौसम
देश के ज्यादातर इलाकों में सूखी ठंड का प्रकोप तेज हो गया है, वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फ जमने लगी है. यहां पूरे देश के मौसम का हाल बता रहे हैं.
Weather Update: उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने करवट ली है. 23 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, और राजस्थान के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हुई. वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है.
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार हैं. राजधानी देहरादून में आंशिक बादल छाए रहेंगे. जम्मू-कश्मीर में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जहां श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश
दिल्ली और एनसीआर में भी हल्की बारिश और कोहरे के साथ मौसम में बदलाव जारी है. सतही हवाओं की गति सुबह के समय चार किमी प्रति घंटे और दोपहर में छह किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है.
आगामी मौसम का पूर्वानुमान
26 दिसंबर की रात से एक और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होगा. इसके चलते 27-28 दिसंबर को मैदानी इलाकों में बारिश, ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और तूफानी हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना है. महाराष्ट्र और गुजरात में भी 28 दिसंबर को बारिश हो सकती है.
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. उसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के बाद गिरावट की संभावना है.
दक्षिण भारत का हाल
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण 23-26 दिसंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. मछुआरों को इन इलाकों में समुद्र में जाने से मना किया गया है.
कोहरा और शीतलहर का प्रकोप
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, और राजस्थान सहित कई राज्यों में घना कोहरा छाया हुआ है. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, और पूर्वोत्तर राज्यों में 24-26 दिसंबर के बीच शीतलहर के जारी रहने की संभावना है. सुबह के समय पाला बढ़ने से ठंड और कड़ाके की हो सकती है.
देशभर में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. सबसे अधिकतम तापमान केरल के कोझिकोड में 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पंजाब के लुधियाना और मध्य प्रदेश के खजुराहो में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.