Bigg Boss 20

उत्तर भारत में बारिश ने मौसम को बनाया सुहाना, अगले कुछ दिन क्या रहेगा वेदर का हाल?

Weather Update: देशभर में पिछले एक हफ्ते में हुई बारिश ने मौसम का हाल बदल दिया है. हालांकि अब अधिकतर राज्यों में बारिश थमती नजर आ रही है, लेकिन अक्टूबर के पहले सप्ताह में बारिश और बर्फबारी की वजह से मौसम सुहाना बन गया है.

X (@mabend2)
Shanu Sharma

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में बारिश से राहत मिलने वाली है.भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 से 11 अक्टूबर तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है. दिन का तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं दोपहर में उत्तर-पश्चिम से हल्की हवाएं चलने की संभावना है. पिछले 24 घंटों की बारिश ने दिल्लीवासियों को उमस से निजात दिलाई है. हालांकि, रात का तापमान सामान्य रहेगा.

उत्तर प्रदेश में बारिश की रफ्तार धीमी होती नजर आ रही है. अब अगले पांच दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम शुष्क होने की वजह से तापमान में बढ़ोतरी होगी. इससे प्रदेश में फिर से गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तापमान 32 से 35 डिग्री तक पहुंच सकता है. लोगों को गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

बर्फबारी ने बदल दिया मौसम का हाल 

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी ने मौसम को ठंडा कर दिया था. देहरादून में मंगलवार को बारिश से तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. दिन का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं पिछले 30 सालों में पहली बार अक्टूबर के पहले सप्ताह में बर्फबारी हुई है. 9 अक्टूबर से मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. बिहार का मौसम अब सामान्य रहने वाला है. उत्तर बिहार के जिलों जैसे सीतामढ़ी, मधुबनी और अररिया में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. बादल छाए रहने के आसार हैं. अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के बीच रहेगा. दक्षिण बिहार में मौसम शुष्क और गर्म रहने की उम्मीद है.


मॉनसून की विदाई और ठंड का आगमन

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 7 से 20 सेमी तक भारी बारिश दर्ज की गई. शिमला, सोलन, सिरमौर और बिलासपुर में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है.  गुजरात में अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी पूरी हो सकती है. राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी. मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मॉनसून की विदाई की स्थिति बन रही है. IMD ने तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और कर्नाटक में भारी बारिश की चेतावनी दी है. अगले 4-5 दिनों तक इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी.