वियतनाम में नाव हादसे के शिकार 15 भारतीयों के शव आज पहुंचेंगे भारत, एक की हालत अब भी गंभीर
वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास स्पीडबोट पलटने से जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के पार्थिव शरीर सोमवार को भारत लाए जाएंगे. भारतीय दूतावास ने राज्य सरकारों से समन्वय कर अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है.
वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक स्पीडबोट हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के पार्थिव शरीर सोमवार को भारत लाए जाएंगे. भारतीय दूतावास ने इसकी आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि सभी शव वियतनाम एयरलाइंस की उड़ान संख्या VN979 से हो ची मिन्ह सिटी से मुंबई भेजे जाएंगे.
मिली जानकारी के मुताबिक यह उड़ान स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे रवाना होगी और भारतीय समय के अनुसार रात 9:35 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी.
राज्य सरकारों से समन्वय की अपील
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में बताया कि संबंधित राज्य सरकारों को इस संबंध में पहले ही सूचना दे दी गई है. दूतावास ने सरकार से अनुरोध किया है कि वे प्रभावित परिवारों के साथ समन्वय स्थापित करें और पार्थिव शरीरों को उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने में उनकी मदद करें. दूतावास ने कहा कि हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं.
Also Read
32 भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही थी स्पीडबोट
याद दिला दें कि यह हादसा शनिवार को उस समय हुआ जब 32 भारतीय पर्यटकों और चार स्थानीय चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही स्पीडबोट फू क्वोक द्वीप के पास तट से लगभग 400 मीटर दूर अचानक पलट गई. हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. भारतीय दूतावास के अनुसार बचाए गए 17 लोगों में से 16 घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और वे भारत लौट रहे हैं. हालांकि एक घायल की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज फू क्वोक के अस्पताल में जारी है.