मंदिर के बाथरूम में दो लड़कियों की लाश मिलने से सनसनी, शव के पास मिली सिरिंज और जहरीली दवाएं
पुलिस के मुताबिक दोनों छात्राएं शुक्रवार सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटीं. परिवार वालों को चिंता हुई तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की.
गुजरात के सूरत शहर से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है. यहां एक मंदिर परिसर के बाथरूम में दो कॉलेज छात्राओं के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहरीले पदार्थ का इंजेक्शन लगाकर अपनी जान दे दी.
पुलिस के मुताबिक दोनों छात्राएं शुक्रवार सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटीं. परिवार वालों को चिंता हुई तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की.
मोबाइल लोकेशन से मंदिर तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों छात्राओं के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन ट्रैक की. लोकेशन सूरत के एक मंदिर परिसर की मिली. इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और परिसर में तलाश शुरू की. मंदिर परिसर के अंदर दोनों छात्राओं की स्कूटी खड़ी मिली. इससे शक और गहरा हो गया. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली.
CCTV में बाथरूम की ओर जाते दिखीं छात्राएं
सीसीटीवी फुटेज में दोनों छात्राएं मंदिर परिसर के एक बाथरूम की तरफ जाते हुए दिखाई दीं. जब पुलिस उस बाथरूम तक पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था. काफी कोशिश के बाद दरवाजा तोड़ा गया. दरवाजा खुलने पर अंदर दोनों छात्राओं के शव मिले. वहीं पास में एक सिरिंज और जहरीली दवाओं की तीन बोतलें भी बरामद हुईं.
मोबाइल में मिली अहम जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को दोनों छात्राओं के मोबाइल फोन से एक अहम जानकारी मिली. बताया जा रहा है कि उन्होंने इंटरनेट और एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म पर “आत्महत्या कैसे करें” जैसे तरीके सर्च किए थे. पुलिस ने सिरिंज, दवाओं की बोतलें और दोनों मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी सच्चाई
इस मामले में पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मौत का केस दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच आने के बाद ही मौत की असली वजह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों छात्राओं ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है.