IPL 2026

मानसून और पश्चिमी विक्षोभ का डबल अटैक! देश के कई राज्यों में भारी आंधी-बारिश की चेतावनी

आज 27 मई बुधवार के दिन, देश के कई राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है. हालांकि कुछ राज्यों में आज भी हीट वेव की चेतावनी दी गई है.

ANI
Shanu Sharma

देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने से उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गई है. जिसकी वजह से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग की ओर से कई राज्यों में तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है. वहीं कुछ जगहों पर भारी बारिश की वजह से येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए  हैं. तो चलिए जानते हैं कैसा रहेगा आज का मौसम.

दिल्ली वालों को राहत नहीं, क्या है अन्य राज्यों का हाल?

दिल्ली वालों को अभी कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. दोपहर के समय लू के कारण परेशानी बढ़ सकती है. हालांकि आज शाम से लेकर कल तक में हल्की बारिश हो सकती है, जिसकी वजह से उमस बढ़ेगी और लोगों की परेशानी और भी ज्यादा बढ़ेगी. उत्तर प्रदेश में आज दो तरह के मौसम दिखेंगे. कुछ जिलों में लू चलने की संभावना है. हालांकि राजधानी लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. बारिश के साथ तेज हवाएं लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है. बिहार के कई  जिलों में आज से लेकर अगले दो दिनों तक गरज-चमक और तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 70 किलोमीटर की स्पीड से हवाएं चलेंगी.

आंधी के साथ बारिश की चेतावनी  

राजस्थान के पश्चिमी इलाके में लू चलने की वजह से लोगों की परेशानी और भी ज्यादा बढ़ सकती है. इन जिलों के लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है. वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. IMD के मुताबिक शिमला, मंडी, कुल्लू, चमोली, रानीखेत समेत दोनों राज्यों के कई अन्य जिलों में आज आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, रामबन, पुंछ और पहाड़ी इलाकों में आज से लेकर अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. जिससे पर्यटकों को थोड़ी राहत मिलेगी और गर्मी की छुट्टी को पूरी तरह से एंजॉय कर पाएंगे.