menu-icon
India Daily

मनाली-शिमला में बारिश, दिल्ली-यूपी में आज भी लू का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा मौसम

आज यानी 22 मई को देश में दो तरह का मौसम देखने को मिल सकता है. एक ओर हिमाचल प्रदेश समेत अन्य पहाड़ी राज्यों में बारिश से मौसम सुहाना रहेगा, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली और यूपी जैसे इलाकों में लू का कहर आज भी जारी रहने वाला है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
मनाली-शिमला में बारिश, दिल्ली-यूपी में आज भी लू का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा मौसम
Courtesy: ANI

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. हालांकि मौसम विभाग की ओर से अब अच्छी खबर सामने आ रही है. देश के 14 राज्यों में आज हल्की बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलेगी. IMD की ओर से मानसून को लेकर भी अच्छी अपडेट दी गई है. 

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3-4 दिनों में मानसून अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर की ओर आगे बढ़ सकता है. बारिश के बाद लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिलेगी.

आज भी लू से राहत नहीं

दिल्ली में लू के कारण लोगों की हालत खराब है. मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक अभी कुछ दिनों तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. पारा 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही रहने वाला है, रात के समय में भी गर्मी बनी रहेगी. वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने वाली है. लू के कारण बच्चों और मवेशियों की परेशानी बढ़ सकती है. बीते दिन बांदा जिला देश के सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहा. आज भी कुछ खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किए गए हैं. बिहार के कई जिलों में आज से तीन दिनों तक आंधी-बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं. तेज रफ्तार से चलने वाली हवाएं लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर सकती हैं. आज राजधानी पटना में भी आंधी की संभावना है, हालांकि गया में उमस के कारण लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है.

हिमाचल प्रदेश में बारिश के अलर्ट

देश के एक हिस्से में लू का कहर जारी है. वहीं दूसरी तरफ बारिश के अलर्ट हैं. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और मंडी में मौसम ठंडा रहने वाला है. मौसम विभाग की मानें तो इन जिलों में आंधी के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. आज राजस्थान में भी मौसम थोड़ा बदल सकता है.कई इलाकों में बिजली चमकने की संभावना है. हालांकि कुछ हिस्सों में अभी भी हीटवेव के अलर्ट  जारी किए गए हैं. उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. जम्मू-कश्मीर में भी मौसम ठंडा रहने वाला है. बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग की ओर से लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है.