IPL 2026

दक्षिण में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, उत्तर में प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी; यहां जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

आज, 25 मई 2026 को देश में दो अलग तरह के मौसम रहने वाले हैं. कुछ राज्यों में बारिश होगी, वहीं कई राज्यों में आज भी लू की चेतावनी जारी की गई है.

ANI
Shanu Sharma

देश में अभी दो तरह का मौसम है. कुछ राज्यों में लू ने लोगों का जीवन बेहाल कर दिया है, वहीं कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां बारिश के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मौसम विभाग की ओर से उत्तर भारत में गर्मी की चेतावनी जारी की गई है. वहीं दक्षिणी इलाकों में बारिश की आशंका जताई गई है. 

IMD की ओर से दी गई चेतावनी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. जिसकी वजह से केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश की संभावना है. वहीं दिल्ली, यूपी, राजस्थान और एमपी जैसे राज्यों में लू का कहर जारी है.

दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में गर्मी से राहत नहीं

मौसम विभाग की ओर से दी गई चेतावनी के मुताबिक दिल्ली में आज से लेकर अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना है. हालांकि आज कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की संभावना है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, कानपुर समेत कई जिलों में आज भी तेज गर्मी का असर दिख सकता है. हालांकि यूपी के भी कुछ जिलों में आज बूंदाबांदी हो सकती है.

बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने के कारण उमस बढ़ सकती है. ऐसे में लोगों की परेशानी घटने के बजाय बढ़ने की संभावना है. राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और जैसलमेर जैसे जिलों में तापमान 45 डिग्री  सेल्सियस से पार रहने वाला है. पंजाब में भी मौसम विभाग की ओर से लू अलर्ट जारी किया गया है.

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आज बारिश-ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. मौसम ठंडा रहने से पर्यटकों को राहत मिलेगी. नैनीताल, हरिद्वार, चमौली और पिथौरागढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश की पूरी संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, चंबा और सोलन में मौसम ठंडा रहने वाला है. इन इलाकों में बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है. जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है. वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर और हजारीबाग जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की पूरी संभावना है. हालांकि कुछ इलाकों में लू का असर भी दिख सकता है.