menu-icon
India Daily

TMC सांसद सायोनी घोष को सिर कलम करने की धमकी, पीएम मोदी और अमित शाह से कार्रवाई की मांग

तृणमूल कांग्रेस सांसद सायोनी घोष ने बीजेपी नेता पर सिर कलम करने की धमकी देने का आरोप लगाया है. सायोनी ने पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और बीजेपी नेतृत्व से कार्रवाई की मांग करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भी सवाल उठाए.

Dhiraj Kumar Dhillon
TMC सांसद सायोनी घोष को सिर कलम करने की धमकी, पीएम मोदी और अमित शाह से कार्रवाई की मांग
Courtesy: Google

बंगाल चुनाव के दौरान काबा-मदीना और हनुमान चालीसा का पाठ मंच से करने के बाद सुर्खियां बटोरने वाली सायोनी घोष को अब कौन सा डर सता रहा है? अपने बोल्ड बयानों को लेकर चर्चित रहने वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद किस बात को लेकर प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष से लेकर बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से गुहार लगा रही हैं? एक बीजेपी नेता की ओर से उनका सिर कलम करने का ऐलान किया गया है, ऐसा उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट लिखकर आरोप लगाया है. सायोनी घोष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से बीजेपी नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

नारी श‌क्ति वंदन अधिनियम पर कसा तंज

टीएमसी सांसद ने एक्स पर लिखी लंबी-चौड़ी पोस्ट में केंद्र सरकार के नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भी तंज कसा है. उन्होंने सवाल उठाया है कि यही बीजेपी का नारी शक्ति वंदन अधिनियम है? क्या यही नए भारत का विचार है? उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि “यूपी के सिकंदराबाद नगर पालिका के अध्यक्ष और बीजेपी नेता ने मेरा सिर कलम करने के ‌लिए एक करोड़ रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है.” उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए दी गई धमकी तेजी से वायरल हो रही है. उन्होंने कहा है कि बीजेपी शासित राज्य के एक जनप्रतिनिधि एक महिला सांसद का सिर कलम करने का ऐलान कर क्या साबित करना चाहते हैं? क्या यही “नए भारत” की सोच है.

कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई की मांग की

सायोनी घोष ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि महिला सुरक्षा को पश्चिम बंगाल चुनाव में मुख्य मुद्दा बनाने वाली बीजेपी अपने नेता के खिलाफ राजनीतिक कार्रवाई करे. उन्होंने इस पोस्ट में वेस्ट बंगाल पुलिस और कमिश्नर कोलकाता को भी टैग किया है. साथ ही उन्होंने यह भी लिखा है कि मेरे शुभचिंतक इस धमकी के बाद चिंतित हैं. साथ ही उन्होंने अपने शुभचिंतकों को सांत्वना भी दी है कि आप लोग निश्चिंत रहें, मैं ऐसी धमकियों से डरने वाली नहीं, संसद के अंदर और बाहर विरोध की आवाज बनकर लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करूंगी और किसी के दबाव में चुप नहीं बैठूंगी.