टीएमसी के आरोपों पर सुवेंदु अधिकारी का पलटवार, बोले- नियमों के तहत हुई मनोज कुमार अग्रवाल की नियुक्ति

पश्चिम बंगाल में मनोज कुमार अग्रवाल को मुख्य सचिव बनाए जाने पर टीएमसी ने बीजेपी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि नियुक्ति पूरी तरह वरिष्ठता और नियमों के आधार पर हुई है.

Google
Dhiraj Kumar Dhillon

सूबे के सबसे वरिष्ठ IAS अ‌धिकारी को बंगाल का मुख्य सचिव बनाए जाने पर सियासी हंगामा खड़ा हो गया है. लोकभवन की ओर से सोमवार को 1990 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल को सूबे का म़ुख्य सचिव नियुक्त किया गया था. वह पिछले एक साल से बंगाल में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हीं की देखरेख में SIR का काम पूरा हुआ. यही बात TMC नेताओं को खल रही है. टीएमसी के कई नेताओं और सांसदों का कहना है कि पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी की मदद करने के लिए यह नियुक्ति इनाम के तौर पर की गई है. मामले में पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार पूरी तरह नियम कायदे में रह‌कर काम कर रही है.

पूरे मामले पर क्या बोले सुवेंदु अधिकारी?

टीएमसी द्वारा मुख्य सचिव की नियुक्ति पर सवाल उठाए जाने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मनोज कुमार अग्रवाल सूबे में सबसे वरिष्ठ सिविल सेवक है. उन्हें 36 वर्षों का लंबा प्रशासनिक अनुभव है. उनकी वरिष्ठता के आधार मनोज कुमार अग्रवाल को मुख्य सचिव बनाया गया है और विपक्ष के दबाव में सरकार कोई फैसला नहीं बदलने वाली, विपक्ष को जो करना हो करे. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मनोज कुमार अग्रवाल केवल पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी नहीं हैं.

जानिए कौन हैं मनोज कुमार अग्रवाल?

पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव बनाए गए मनोज कुमार अग्रवाल IIT कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटैक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सिविल सेवा में आए थे. बीजेपी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि मनोज कुमार अग्रवाल जैसे अधिकारी को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से सूबे में कानून की गरिमा बहाल होगी और जनहित में प्रशासनिक निर्णय लिए जा सकेंगे. बता दें कि मनोज कुमार अग्रवाल अप्रैल, 2025 से पश्चिम पश्विम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. इसके अलावा उनके पास गृह एवं पहाड़ी मामले (चुनाव) विभाग के पदेन अतिरिक्त मुख्य सचिव की भी जिम्मेदारी है. इस जिम्मेदारी से पहले मनोज कुमार खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अलावा अग्निशमन और आपदा प्रबंधन समेत तमाम महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं.