menu-icon
India Daily

तेलंगाना: नलगोंडा में परिवार के चार सदस्यों की मौत, दो बच्चे भी शामिल

तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक ही परिवार के चार सदस्यों पति, पत्नी और दो बच्चों की घर के अंदर मौत हो गई.

Shilpa Shrivastava
तेलंगाना: नलगोंडा में परिवार के चार सदस्यों की मौत, दो बच्चे भी शामिल
Courtesy: Pinterest

नलगोंडा: तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक ही परिवार के चार सदस्यों पति, पत्नी और दो बच्चों की घर के अंदर मौत हो गई. यह खबर तब सामने आई जब पड़ोसियों को घर से बदबू आने लगी. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सोमवार को पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घर के ताले तोड़कर अंदर गए तो चारों शव बेडरूम में पड़े मिले. 

शव काफी सड़े हुए थे, जिससे लगता है कि मौत कई दिन पहले हो गई थी. मृतकों की पहचान शेख सुल्तान, उनकी पत्नी हसीना और उनके दो बच्चों के रूप में हुई है. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि परिवार ने कीटनाशक (पेस्टिसाइड) खाकर आत्महत्या की हो सकती है. हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा.

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा:

शेख सुल्तान नलगोंडा में बैग बनाने का छोटा व्यवसाय चलाते थे. वे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि परिवार ने ऐसा कदम क्यों उठाया. आर्थिक तंगी, पारिवारिक कलह या कोई और वजह हो सकती है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. पड़ोसियों ने बताया कि कई दिनों से घर से कोई आवाज नहीं आ रही थी. जब बदबू तेज हुई तो उन्होंने पुलिस को बुलाया. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

जांच के बाद आधिकारिक बयान होगा जारी- पुलिस

इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. लोग इस घटना को बेहद दुखद बता रहे हैं. खासकर दो छोटे बच्चों की मौत ने सबको झकझोर दिया है. स्थानीय प्रशासन ने परिवार के रिश्तेदारों को सूचित कर दिया है. पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही कोई आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा.

Disclaimer: अगर कभी भी आपके मन में आत्महत्या करने का विचार आए तो कृप्या करके किसी की मदद लें. आप चाहें तो यहां बताए गए नेशनल हेल्पलाइन नंबर (14416) पर फोन करके अपनी या अपनों की जिंदगी बचा सकते हैं. इस तरह के कृत्यों को हमारे देश में अपराध माना जाता है. इंडिया डेली कभी भी ऐसे कदम को सपोर्ट नहीं करता है.