Weather Update: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम बदल रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया है. यह अलर्ट 28 जून तक रहेगा. खासकर पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी भारत, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम की गतिविधियां तेज रहने वाली हैं.
दिल्ली और आसपास के इलाकों में 23 से 26 जून तक बादल छाए रहेंगे. कुछ जगहों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 23 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की उम्मीद है. 26 जून के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है. लू से थोड़ी राहत मिलेगी.
यूपी के मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में हल्की बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है. 23 जून को लखनऊ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहने की संभावना है.
बिहार के गया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर समेत ज्यादातर जिलों में भारी बारिश और 50-55 किमी प्रति घंटे की तेज आंधी का खतरा है. पटना में अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहेगा.
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इन राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. पिछले साल मॉनसून समय से पहले पहुंचा था, लेकिन इस साल थोड़ा देर से आया है, जिसके कारण अब पूरे क्षेत्र में अच्छी बारिश हो रही है.
हिमाचल प्रदेश: शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट.
राजस्थान: जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा में भारी बारिश और 60-70 किमी तेज हवाओं का अलर्ट.
तमिलनाडु: कोयंबटूर, नीलगिरी समेत 5 जिलों में 27 जून तक भारी बारिश.