menu-icon
India Daily

तमिलनाडु में TVK ने कर दिया उम्मीदवारों का ऐलान, दो सीट से चुनाव लड़ेंगे सुपरस्टार विजय

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की तैयारी काफी तेज हो गई है. सभी पार्टियां अपने उम्मीदवारों को लगभग चुन चुकी है. इसी क्रम में तमिलगा वेत्री कझगम यानी TVK ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. जिसके मुताबिक सुपरस्टार विजय खुद पेरंबूर और त्रिची ईस्ट सीट से मैदान में उतरेंगे.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
तमिलनाडु में TVK ने कर दिया उम्मीदवारों का ऐलान, दो सीट से चुनाव लड़ेंगे सुपरस्टार विजय
Courtesy: X (@Thala7pathy)

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर तमिलगा वेत्री कझगम यानी TVK पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. इस लिस्ट में सुपरस्टार से नेता बने विजय का भी नाम शामिल है. पार्टी ने इन्हें मजबूती दावेदारी दिखाते हुए दो सीटों पर टिकट दिया है. 

विजय पेरंबूर और त्रिची ईस्ट सीट से चुनाव लड़ेंगे. इनके अलावा पार्टी के जनरल सेक्रेटरी एन आनंद को टी नगर सीट से टिकट दिया है. कोषाध्यक्ष वेंकट रमणन को मायलापुर सीट से टिकट दिया गया है. वहीं आढव अर्जुना को विल्लिवक्कम सीट से उम्मीदवार बनाया गया है.

TVK पार्टी ने किन नेताओं को दिया टिकट?

पार्टी ने कोलातुर सीट से वीएस बाबू को उम्मीदवार बनाया है. उनका मुकाबला मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से होगा. वहीं चेपॉक सीट पर सेल्वम को टिकट दिया गया है. यहां उनका मुकाबला उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन से होगा. चेन्नई में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए विजय ने कहा कि यह सिर्फ उम्मीदवारों की सूची नहीं है बल्कि यह 'जनता के असली रक्षकों' का ऐलान है.

उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार आम परिवारों से आते हैं. वे आम लोगों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं. विजय ने मौजूदा विधायकों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कई विधायक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं. उन्होंने कहा कि एक अच्छे विधायक के लिए अनुभव से ज्यादा जरूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और जनता के प्रति समर्पण है.

जनता से किए कई वादे

विजय ने लोगों से अपील की कि वे टीवीके के चुनाव चिन्ह व्हिसल पर वोट दें. विजय ने कहा कि पार्टी को एक मौका दें, हम सत्ता में आएंगे तो सार्वजनिक धन का दुरुपयोग नहीं होने देंगे. इसके अलावा भी उन्होंने कई वादे किए. उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. तमिलनाडु को नशामुक्त बनाया जाएगा, कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को 29 वर्ष की उम्र के बाद मासिक सहायता दी जाएगी. इसके साथ ही सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए सख्त कानून लाया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि टीवीके की लड़ाई जनता के गठबंधन और एमके स्टालिन के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच है.