IPL 2026

10 लाख घर बनाने का लक्ष्य, सालाना बीमा दोगुना और महिलाओं को बड़ा तोहफा... DMK का घोषणा पत्र जारी

महिलाओं के लिए भी बड़ी घोषणा की गई है. स्टालिन ने कहा कि महिलाओं को दी जाने वाली मासिक सहायता राशि को बढ़ाकर 2,000 रुपए किया जाएगा.

Anuj

नई दिल्ली: तमिलनाडु में चुनावी सरगर्मियों के बीच मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने DMK का घोषणापत्र जारी कर दिया है. चेन्नई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई जनकल्याणकारी वादों का ऐलान किया, जिनमें स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक योजनाओं को मजबूत करने पर खास जोर दिया गया है. घोषणापत्र के जरिए आम लोगों, खासकर महिलाओं, किसानों और छात्रों को राहत देने की कोशिश की गई है.

घोषणापत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मिलने वाली राशि को दोगुना करने का वादा किया गया. पहले जहां यह सीमा 5 लाख रुपये सालाना थी, अब इसे बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है. सरकार का मानना है कि इससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को इलाज के खर्च में बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी.

DMK ने किया बड़ा वादा

महिलाओं के लिए भी बड़ी घोषणा की गई है. स्टालिन ने कहा कि महिलाओं को दी जाने वाली मासिक सहायता राशि को बढ़ाकर 2,000 रुपए किया जाएगा. इसके साथ ही मुख्यमंत्री नाश्ता योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसे कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए लागू करने का वादा किया गया है, ताकि बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हो और स्कूलों में उपस्थिति भी बढ़े.

10 लाख नए घर बनाने का लक्ष्य

शिक्षा क्षेत्र में भी सरकार ने नई पहल का भरोसा दिलाया है. छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा अनुदान को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की गई है. इसके अलावा किसानों के लिए मुफ्त बिजली योजना के तहत आधुनिक, बिना मीटर वाले पंपसेट देने की बात कही गई है. आवास के क्षेत्र में भी सरकार ने अगले पांच वर्षों में 10 लाख नए घर बनाने का लक्ष्य रखा है.

CM स्टालिन का संबोधन

स्टालिन ने अपने संबोधन में दावा किया कि उनकी सरकार ने तमिलनाडु को विकास के मामले में अग्रणी राज्यों में शामिल किया है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और राज्य को और आगे ले जाने का प्रयास जारी रहेगा.

164 सीटों पर चुनाव लड़ेगी DMK

रिपोर्ट के अनुसार, राज्य की सत्ता पर विराजमान DMK 234 में से 164 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि 70 सीटें सहयोगियी पार्टियों के लिए छोड़ी है. CM एमके स्टालिन कोलाथुर विधानसभा सीट से अपनी किस्मत आजमाएगे. 

डीएमके ने कुल 234 में से 164 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है, जबकि 70 सीटें सहयोगी दलों को दी गई हैं. कांग्रेस को सबसे ज्यादा 28 सीटें मिली हैं. इसके अलावा अन्य सहयोगी दलों को भी उनकी ताकत के अनुसार हिस्सेदारी दी गई है, जिससे गठबंधन मजबूत दिख रहा है.