AIADMK ने जारी की 23 उम्मीदवारों की पहली सूची, एडप्पाडी से चुनाव लड़ेंगे के. पलानीस्वामी; यहां देखें पूरी लिस्ट
तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. इस लिस्ट में 23 उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए गए हैं.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अब एक महीने से भी कम समय बचा है. ऐसे में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, AIADMK ने आज यानी बुधवार को अपने 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. तमिलनाडु में AIADMK को मुख्य विपक्षी दल के तौर पर देखा जाता है, जो की NDA गठबंधन की प्रमुख शक्ति है.
AIADMK द्वारा जारी की गई सूची में पार्टी के महासचिव के. पलानीस्वामी को एडप्पाडी निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है. यह उनका गृह क्षेत्र है, जो सेलम जिले में स्थित है. इस सूची को जारी करते हुए एक आधिकारिक बयान में पलानीस्वामी ने कहा कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम की गवर्निंग काउंसिल द्वारा गहन विचार-विमर्श के बाद लिस्ट फाइनल किया गया है.
पहली सूची में कई बड़े नाम शामिल
उम्मीदवारों की सूची को जारी करते हुए पलानीस्वामी ने कहा कि मैं यह सूचित करता हूं कि 23.04.2026 को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा आम चुनावों के लिए, निम्नलिखित व्यक्तियों का चयन किया गया है. जारी की गई पहली सूची में के. पलानीस्वामी के अलावा अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में वेप्पानहल्ली से के.पी. मुनुसामी, डिंडीगुल से डिंडीगुल सी. श्रीनिवासन, नाथम से नाथम आर. विश्वनाथन, थोंडामुथुर से एस.पी. वेलुमणि, और रोयापुरम से डी. जयकुमार का भी नाम शामिल हैं. लिस्ट के मुताबिक पार्टी ने पहले वरिष्ठ नेताओं के नाम को फाइनल किया है. जिनमें पी. बालकृष्ण, डी. जयकुमार, सी.वी. षणमुगम, एस.के. राजेंद्रन, के.पी. अनबझगन, आर.के. नागराज, और ओ.एस. मानियन का भी नाम तय किया गया है.
Also Read
तमिलनाडु में इन दो गठबंधनों के बीच मुकाबला
AIADMK राज्य की पहली ऐसी प्रमुख राजनीतिक पार्टी बन गई है जिसने औपचारिक रूप से अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है. पहली सूची जारी करने से पहले के. पलानीस्वामी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक की थी. तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी.
राज्य के 234 सदस्यों वाली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 10 मई को खत्म होने वाला है. मुख्य चुनावी DMK के नेतृत्व वाले SPA के बीच होने की उम्मीद है. इस गठबंधन में कांग्रेस, DMDK और अन्य पार्टियां शामिल हैं. NDA द्वारा सत्ताधारी गठबंधन को हटाने की पूरी कोशिश की जाएगी. जिसका नेतृत्व AIADMK कर रही है. इस गठबंधन में BJP तथा पट्टाली मक्कल काची सहयोगी के तौर पर शामिल हैं.