IMD Weather

'महिला आयोग की प्रमुख रहते हुए मिला मोदी-शाह का साथ', बीजेपी में शामिल होने के बाद स्वाति मालीवाल का बड़ा बयान

राज्यसभा सांसद स्वाति स्वाति मालीवाल ने आज आधिकारिक तौर पर भाजपा का दामन थाम लिया. बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह के नेतृत्व की तारीफ की.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: मंगलवार को दिल्ली महिला आयोग की पूर्व प्रमुख व राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने भारतीय जनता पार्टी में आधिकारिक तौर पर शामिल होकर नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की. उन्हें दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई. भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने खुलकर अपनी सोच रखी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह के कामों की सराहना की.

स्वाति मालीवाल ने साफ किया कि उनका यह कदम किसी दबाव या मजबूरी का नतीजा नहीं है. उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से भाजपा के कामकाज को करीब से देख रही थीं और उससे प्रभावित थीं. उनके अनुसार, देश में हो रहे बदलाव और नीतियों की दिशा ने उन्हें इस निर्णय के लिए प्रेरित किया. उन्होंने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ बताया.

मोदी और शाह के काम से प्रभावित

मालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने देश में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं. उन्होंने कहा कि इन फैसलों ने देश की दिशा और सोच को बदलने में बड़ी भूमिका निभाई है. इसी सोच से प्रेरित होकर उन्होंने भाजपा से जुड़ने का निर्णय लिया.


महिला आयोग की प्रमुख रहने के दौरान मिला सहयोग

उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब वह दिल्ली महिला आयोग में काम कर रही थीं, तब उन्हें भाजपा की ओर से सहयोग मिला था. उनके मुताबिक, यह समर्थन उनके काम को बेहतर तरीके से करने में मददगार साबित हुआ. इसी कारण उनके मन में पार्टी के प्रति सकारात्मक सोच बनी रही, जो अब जुड़ाव में बदल गई.

दिल्ली की राजनीति पर टिप्पणी

स्वाति मालीवाल ने दिल्ली की मौजूदा राजनीति पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने अरविंद और आम आदमी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में राजधानी की हालत खराब हुई है. उनके अनुसार, पूर्व की आप सरकार में बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क और पानी की स्थिति चिंताजनक रही है.

भाजपा में शामिल होने के बाद मालीवाल ने कहा कि अब वह पार्टी के साथ मिलकर दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी. उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा के संसाधनों और सहयोग से वह जनता के लिए बेहतर काम कर पाएंगी. उन्होंने कहा कि दिल्ली को सुधारने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है और वह इसमें पूरी मेहनत से योगदान देंगी.