'नेहरू जी के समय वामपंथ था खतरा', हामिद अंसारी के बयान पर सुधांशु त्रिवेदी ने क्यों कहा 'थैंक यू'?

हामिद अंसारी के 'हिंदू राष्ट्रवाद' वाले बयान पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने तंज कसते हुए धन्यवाद कहा और आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी मूल विचारधारा छोड़कर अब अति-वामपंथ की राह पर चल पड़ी है.

pinterest
Sagar Bhardwaj

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने ए.जी. नूरानी की किताब के संदर्भ में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के एक पुराने बयान का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि भारत के लिए असली खतरा वामपंथ (कम्युनिज्म) नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता है. उनके इस बयान के बाद देश में नई राजनीतिक बहस छिड़ गई है.

सुधांशु त्रिवेदी का तंज और धन्यवाद

हामिद अंसारी के बयान पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया. उन्होंने हामिद अंसारी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने अनजाने में ही सही, लेकिन यह सच देश के सामने ला दिया कि नेहरू जी के समय वामपंथ को खतरा माना जाता था. त्रिवेदी ने कहा कि इस बयान ने कांग्रेस के वैचारिक विरोधाभास को उजागर कर दिया है.

कांग्रेस की विचारधारा पर बीजेपी का हमला

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि इस खुलासे से तीन बातें साफ होती हैं. पहला, ऐतिहासिक रूप से नेहरू जी खुद वामपंथ को देश के लिए बड़ा खतरा मानते थे. दूसरा, आज की कांग्रेस ने अपनी पुरानी विचारधारा को तिलांजलि दे दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिस वामपंथ को पुरखे खतरा मानते थे, आज की कांग्रेस उसी अति-वामपंथ (अल्ट्रा-लेफ्ट) की गोद में जाकर बैठ गई है.


राहुल गांधी और 'मुस्लिम लीग माओइस्ट कांग्रेस'

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बीजेपी सांसद ने कहा कि संसद और विदेशी दौरों पर राहुल की बयानबाजी वामपंथी विचारों से प्रेरित होती है. हिंदुओं को कोसना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुका है. त्रिवेदी ने कांग्रेस को 'मुस्लिम लीग माओइस्ट कांग्रेस' करार देते हुए कहा कि पार्टी केरल में मुस्लिम लीग के सहारे राजनीति कर रही है और देश में माओवादी सोच को बढ़ावा दे रही है.

गर्माया राजनीतिक माहौल

हामिद अंसारी के बयान के बहाने बीजेपी ने सीधे तौर पर राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी की नीतियों पर हमला बोला है. बीजेपी का कहना है कि हामिद अंसारी के इस बयान से कांग्रेस का असली चेहरा पूरी तरह बेनकाब हो चुका है, जिससे आने वाले दिनों में यह राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं.