पुरी रथयात्रा में भगदड़ जैसे हालात, दम घुटने से एक श्रद्धालु की मौत, 100 के करीब घायल
पुरी की जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान भारी भीड़ के बीच एक श्रद्धालु की दम घुटने से मौत हो गई. वहीं करीब 100 लोगों के घायल होने की सूचना है.
ओडिशा के पुरी में आयोजित भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से कई जगह अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए. इसी दौरान एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ गई और सांस लेने में दिक्कत होने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ग्रैंड रोड पर अचानक बिगड़े हालात
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु बड़ा डांडा यानी ग्रैंड रोड पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन और रथ खींचने का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान भीड़ लगातार बढ़ती चली गई और लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. कुछ ही देर में हालात इतने बिगड़ गए कि कई श्रद्धालु जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा था, जिससे कई श्रद्धालुओं को सांस लेने में भी परेशानी हुई.
Also Read
राहत और बचाव के लिए तुरंत पहुंचीं टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. घायल श्रद्धालुओं को तुरंत एंबुलेंस के जरिए पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल और आसपास के अन्य चिकित्सा केंद्रों में भेजा गया. मौके पर मेडिकल टीमों ने प्राथमिक उपचार भी शुरू किया. प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर जल्द काबू पा लिया गया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी तैनात कर दिया गया. अस्पतालों में डॉक्टर लगातार घायलों की निगरानी कर रहे हैं.
घायलों की संख्या पर जानकारी का इंतजार
प्रशासन ने फिलहाल घटना की जांच शुरू कर दी है. हालांकि अभी तक घायलों की आधिकारिक संख्या और हादसे की असली वजह को लेकर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा होगी. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, भीड़ वाले क्षेत्रों में धैर्य बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें. प्रशासन का दावा है कि आगे की यात्रा सुरक्षित तरीके से पूरी कराने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं.