तेलंगाना में तेज रफ्तार टैंकर ने ऑटो को मारी टक्कर, 5 महिलाएं समेत 6 की मौत
तेलंगाना में हुए सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. वहीं कर्नाटक में बस पलटने से चालक और परिचालक की मौत हुई.
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के जहीराबाद मंडल में सतवार गांव के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार टैंकर लॉरी ने एक ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में पांच महिलाएं और ऑटो चालक शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय ऑटो में कुल 12 लोग सवार थे. ऑटो सवार सभी लोग कर्नाटक के बीदर जिले के राजगेरा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऑटो सड़क पर यू-टर्न लेने की कोशिश कर रहा था, तभी तेज रफ्तार टैंकर से उसकी टक्कर हो गई.
पांच महिलाओं समेत छह की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रेखा, श्रीदेवी, कविता, रेशमा, निकिता और ऑटो चालक देवदास के रूप में हुई है. वहीं निर्मला, तुलजम्मा, चंद्रकला, राधिका, शिल्पा और शोभा घायल हुई हैं. अस्पताल में घायलों का इलाज कराया जा रहा है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे की सही वजह और टैंकर चालक की भूमिका की जांच की जा रही है.
Also Read
- डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में यूपी ने बढ़ाया कदम, कानपुर से गूंजेगी आत्मनिर्भर भारत की ताकत; बनेगा रक्षा ताकत का नया केंद्र
- बाप दादा नवाब, पिता की 1200 करोड़ की संपत्ति, फिर भी 1 ग्रीन टी बैग बार बार यूज करती हैं ये कंजूस
- रांची में जेपीएससी-जेएसएससी छात्रों का अनिश्चितकालीन प्रदर्शन जारी, पुलिस और प्रशासन से बातचीत
वहीं कर्नाटक में भी एक अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और करीब 20 यात्री घायल हो गए. शनिवार सुबह बिदादी के पास बेंगलुरु-मैसूरु एक्सप्रेसवे पर केरल राज्य सड़क परिवहन निगम की बस अनियंत्रित होकर पलट गई. पुलिस के अनुसार, बस बेंगलुरु से करीब 32 किलोमीटर दूर हादसे का शिकार हुई. दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई.
झपकी आने से नियंत्रण खोने की आशंका
शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई थी. इसके बाद बस सड़क के बाईं ओर मुड़ी और नियंत्रण खोने के बाद पलट गई. हादसे में चालक और परिचालक की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हुए हैं. घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना की विस्तृत जांच के बाद हादसे की परिस्थितियों को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.