'अगर डीएमके परिसीमन बिल का समर्थन करती है तो...', जानें क्या बोले शशि थरूर
शरद पवार की पार्टी NCP (SP) ने इस विधेयक का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है. वहीं डीएमके की ओर से भी इस बिल का समर्थन करने की उम्मीद जताई जा रही है.
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार (27 नवंबर) को हुई कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई. इस विधेयक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा आवंटन के मुकाबले 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है. साथ ही राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखने की व्यवस्था की गई है. शरद पवार की पार्टी NCP (SP) ने इस विधेयक का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है. वहीं डीएमके की ओर से भी इस बिल का समर्थन करने की उम्मीद जताई जा रही है. ऐसा इसलिए क्योंकि डीएमके के मुखिया एमके स्टालिन ने परिसीमन बिल का समर्थन करने के लिए जो दो शर्तें रखी थी मोदी सरकार ने वो पूरी कर दी हैं.
शशि थरूर ने दी प्रतिक्रिया
डीएमके के परिसीमन बिल का समर्थन करने की संभावनाओं पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस सांसद ने कहा कि अगर डीएमके परिसीमन बिल का समर्थन करती है तो यह बहुत ही निराशाजनक है. उन्होंने कहा कि डीएमके पहले राज्यों के अधिकारों की मजबूती से आवाज उठाती रही है लेकिन अब पार्टी परिसीमन के मुद्दे पर अपने रुख से पीछे हटती नजर आ रही है. थरूर ने कहा, 'डीएमके का यह रुख उन लोगों के प्रतित जिम्मेदारी से पीछे हटने जैसा है जिनके हितों की बात करने का पार्टी दावा करती है.' उन्होंने कहा कि डीएमके में उनके कई मित्र हैं और उनके साथ सालों से अच्छे कामकाजी रिश्ते रहे हैं लेकिन पार्टी का मौजूदा रुख किसी भी सच्चे द्रविड़ समर्थक को पसंद नहीं आएगा.
Also Read
परिसीमन पर कांग्रेस की कल अहम बैठक
मोदी कैबिनेट से परिसीमन से जुड़े संशोधन विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद अब कल यानी शनिवार को कांग्रेस इस मुद्दे पर अहम बैठक होने जा रही है. कांग्रेस परिसीमन बिल का कड़ा विरोध कर रही है. कांग्रेस की मांग है कि लोकसभा में वर्तमान संख्या को बरकरार रखते हुए महिलाओं को आरक्षण दिया जाए और अगले 25 साल तक लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा बरकरार रखा जाए.