Dog ​​Murder Case: मुर्गियों की मौत का बदला कुत्तों से, मासूम जानवरों की इस तरह की निर्मम हत्या, इंसानियत पर उठे सवाल, एक गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कई आवारा कुत्तों को जहरीला खाना खिलाकर मार दिया गया. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह घटना बदले की भावना से हुई. पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है. यह घटना सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के बाद सामने आई है, जिसमें आवारा कुत्तों को लेकर नई गाइडलाइन दी गई है.

Social Media
Km Jaya

Dog ​​Murder Case: पश्चिम बंगाल के आसनसोल शहर में रविवार रात हुई एक घटना ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया. हिरापुर थाना क्षेत्र में कई आवारा कुत्तों की लाशें सड़क किनारे पड़ी मिलीं. जांच में पता चला कि इन कुत्तों को जहरीला खाना खिलाया गया था. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी गुस्सा देखने को मिला.

वहां के लोगों ने बताया कि कुत्तों को रात में जहर मिलाकर खाना खिलाया गया. सुबह जब लोगों ने सड़क पर मृत कुत्तों को देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बरामद किया और जांच शुरू कर दी. इस मामले में स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया और  मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुत्तों को मारने की यह घटना बदले की भावना से की गई. उनका कहना है कि कुत्तों ने कुछ दिन पहले एक निवासी के घर में पाले गए मुर्गों को मार डाला था, जिसके बाद यह कदम उठाया गया. पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि अमानवीय कृत्य भी है.

आवारा कुत्तों के संबंध में अहम फैसला

यह घटना उस समय सामने आई है जब हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों के संबंध में अहम फैसला सुनाया है. कोर्ट ने दिल्ली सरकार को आवारा कुत्तों को शेल्टर में भेजने का पुराना आदेश वापस लेते हुए कहा कि नसबंदी और टीकाकरण के बाद कुत्तों को उनके इलाके में ही छोड़ा जाए. केवल आक्रामक और रेबीज से पीड़ित कुत्तों को ही शेल्टर में रखा जाएगा. साथ ही देशभर में सड़कों पर कुत्तों को खाना खिलाने पर भी रोक लगा दी गई है. फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.