फुटबॉल खेल रहे थे सांसद तभी आ गई मौत, पूरे राज्य में शोक की लहर, सीएम संगमा ने जताया दुख
पार्टी नेताओं के अनुसार, सांसद सिंगकोन एक सामान्य खेल सत्र में हिस्सा ले रहे थे और अचानक बेहोश होकर गिर गए. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
मेघालय के शिलांग लोकसभा क्षेत्र से सांसद और वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी (VPP) के नेता Ricky Andrew J Syngkon का गुरुवार शाम अचानक निधन हो गया. वे शिलांग में एक फ्रेंडली फुटसल मैच खेल रहे थे, तभी खेल के दौरान अचानक कोर्ट पर गिर पड़े. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रात लगभग 8:45 बजे मृत घोषित कर दिया. उनके निधन की खबर से पूरे राज्य और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई.
पूरी तरह स्वस्थ्य थे सिंगकोन
पार्टी नेताओं के अनुसार, सांसद सिंगकोन एक सामान्य खेल सत्र में हिस्सा ले रहे थे और अचानक बेहोश होकर गिर गए. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. उनके सहयोगियों ने बताया कि वे पूरी तरह स्वस्थ दिख रहे थे और नियमित रूप से सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहते थे.
क्या है फुटसल
फुटसल फुटबॉल का एक तेज गति वाला और छोटे मैदान पर खेला जाने वाला रूप है, जिसमें पांच-पांच खिलाड़ियों की टीमें आमने-सामने होती हैं. सिंगकोन को खेलकूद में विशेष रुचि थी और वे सामाजिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भाग लेते थे.
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
सीएम कॉनराड के. संगमा ने सिंगकोन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि राज्य ने एक समर्पित जनप्रतिनिधि खो दिया है, जिसने हमेशा लोगों के कल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए काम किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगकोन जमीनी स्तर से जुड़े नेता थे और खासकर खासी-जयंतिया पहाड़ियों के लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठाते थे.
जमीन से जुड़े नेता था सिंगकोन
सांसद सिंगकोन को क्षेत्र में सक्रिय और जनता से जुड़े नेता के रूप में जाना जाता था. वे लगातार क्षेत्रीय मुद्दों को संसद में उठाते रहे और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहते थे. उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी शोक जताया और उन्हें जनता की आवाज उठाने वाला प्रतिबद्ध जनप्रतिनिधि बताया.
उनके अचानक निधन से मेघालय की राजनीति में एक बड़ी कमी महसूस की जा रही है. पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख है. शिलांग और आसपास के इलाकों में लोग उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं. उनका जाना न केवल राजनीतिक क्षेत्र बल्कि सामाजिक जीवन के लिए भी अपूरणीय क्षति माना जा रहा है.