दर्शन की पत्नी को मैसेज भेजने की सजा? फैन्स को दी सुपारी, खुद भी पीटा, पढ़िए रेणुकास्वामी मर्डर केस की कहानी
Renukaswamy Murder: जिस शख्स की हत्या हुई वह एक सुपरस्टार का फैन था. हत्या के मामले में उसी सुपरस्टार और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया है. कुछ और फैन शामिल हैं जिन्होंने पैसों के लिए आरोप अपने ऊपर लेने की कोशिश की. सुपरस्टार की बीवी को गंदे मैसेज भेजना एक फैन को इतना भारी पड़ गया कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी. रेणुकास्वामी हत्याकांड की कहानी किसी मर्डर थ्रिलर से कम नहीं है.
फिल्मी सितारों से उनके प्रशंसकों के लगाव के किस्से तो बहुत पुराने हैं. कई बार ये किस्से इन सितारों पर ही भारी पड़ जाते हैं. पिछले साल आई इमरान हाशमी और अक्षय कुमार की फिल्म 'सेल्फी' में स्टारडम से जुड़ी ऐसी ही समस्याओं को दिखाया गया है. अब ऐसा ही एक मामला दक्षिण भारत से सामने आ रहा है. कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार दर्शन थुगुदीपा और उनकी पत्नी पवित्रा गौड़ा को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. हत्या हुई है 33 साल के रेणुकास्वामी की. हैरानी की बात यह है कि रेणुकास्वामी खुद दर्शन थुगुदीपा का बहुत बड़ा फैन था. अब जैसे-जैसे इस केस की परतें खुल रही हैं, वैसे-वैसे चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं.
कहा जा रहा है कि जिस रेणुकास्वामी की हत्या हुई है, वह दर्शन की पत्नी पवित्रा को आपत्तिजनक मैसेज भेजता था. आरोप है कि दर्शन ने अपने कुछ फैन्स को रेणुकास्वामी के खिलाफ जानकारी जुटाने को कहा, इन लोगों ने रेणुकास्वामी का अपहरण किया और उसकी जान ले ली. अब पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है. शुरुआती जांच में देखा गया है कि जहां रेणुकास्वामी की हत्या हुई थी, उसी के आसपास दर्शन अपनी थार कार से पहुंचे थे. अब पुलिस ने उनकी यह कार भी जब्त कर ली है.
फैन क्लब ने किया सुपारी किलर का काम?
आरोप है कि रेणुकास्वामी ने एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था. इसी अकाउंट से वह पवित्रा को गाली दिया करता था. कहा जा रहा है कि रेणुकास्वामी इस बार से आहत था कि पवित्रा का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा है जिससे दर्शन की इमेज खराब हो रही है. हालांकि, अभी तक ऐसे किसी अफेयर की कोई पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस उन मैसेज की भी जांच की है जो रेणुकास्वामी ने पवित्रा को भेजे थे. बताया गया है कि रेणुगास्वामी चित्रदुर्गा की एक फार्मेसी में काम करता था. उसका शव, बेंगलुरु के सुमनहल्ली ब्रिज पर पाया गया था.
Also Read
पुलिस की शुरुआती जांच में तीन लोगों के नाम सामने आए हैं. राघवेंद्र, कार्तिक और केशवमूर्ति. इन लोगों ने पुलिस के सामने स्वीकार भी कर लिया है कि इन्होंने रेणुकास्वामी की हत्या की और उसकी लाश को फेंक दिया. जांच में यह भी सामने आया है कि इन लोगों से कहा गया था कि दर्शन का नाम न लें. इनसे यह भी कहा गया था कि सारा दोष खुद पर ले लें और इसके बदले पांच लाख रुपये दिए जाएंगे. साथ ही, मुकदमा लड़ने के पैसे भी दिए जाएंगे.
पवित्रा ने दर्शन को उकसाया?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पवित्रा ने अपने पति दर्शन को उकसाया कि वह रेणुकास्वामी से बदला ले क्योंकि वह लगातार गंदे मैसेज कर रहा था. सूत्रों के मुताबिक, दर्शन ने ही फैन क्लब चलाने वाले राघवेंद्र से संपर्क किया और उसे रेणुकास्वामी की जानकारी जुटाने को कहा. रेणुकास्वामी की पत्नी का आरोप है कि घटना वाली रात को राघवेंद्र ने घर से पास से ही रेणुकास्वामी का अपहरण किया और उसे कामाक्षीपाल्या ले गया.
आरोप है कि 8 जून को वहां दर्शन खुद भी गए थे. इसी दिन रेणुकास्वामी की हत्या हुई थी. कहा जा रहा है कि पहले तो दर्शन के गुंडों ने उसे मारा फिर, दर्शन ने बेल्ट से पीटा. दर्शन के जाने के बाद रेणुकास्वामी को फिर से मारा गया. सूत्रों के मुताबिक, हत्या के बाद प्रदोष नाम के शख्स ने दर्शन को इसकी सूचना दी और 30 लाख रुपये कैश लिए. पैसे मिलने के बाद कार्तिक की टीम ने लाश को ठिकाने लगाने और सरेंडर करने का फैसला लिया. इसके लिए प्रदोष ने उन्हें 5 लाख रुपये दिए और बाकी के पैसे ट्रायल के बाद देने का वादा किया.
आरोपियों ने बताई थी अलग कहानी
बताया गया कि रेणुकास्वामी की लाश नाले के पास पड़ी थी और उसे कुत्ते नोच रहे थे. यह देखने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इतने में दो आरोपी थाने पहुंचे और पुलिस के सामने यह कहा कि पैसों को लेकर झगड़ा हुआ और उन लोगों ने रेणुकास्वामी को मार डाला. जैसे-जैसे जांच हुई तो इसमें दर्शन और उनकी पत्नी पवित्रा समेत 11 लोग गिरफ्तार कर लिए गए. पुलिस को यह भी पता चला है कि इस पूरे कांड की जानकारी वॉट्सऐप के जरिए मिल रही थी.
पुलिस ने कॉल डीटेल्स जुटाई है और इन सबकी जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने दर्शन से पूरी रात बात की थी. फिलहाल, दर्शन और पवित्रा समेत सबी आरोपियों को पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है और मामले में जांच जारी है. अभी भी कुछ ऐसे आरोपी हैं जो फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है.