नोएडा की रहने वाली गीतिका श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर अपनी आपबीती साझा की. उन्होंने रैपिडो (Rapido) पार्सल सेवा बुक की थी, लेकिन इसके बाद डिलीवरी बॉय ने उन्हें अनुचित मैसेज भेजना शुरू कर दिया. राइडर ने उन्हें 'हेलो' और 'कैसे हो' का मैसेज भेजने के बाद 'आई लव यू' लिखकर भेजा.
गीतिका ने जब राइडर को चेतावनी दी कि वह दोबारा फोन या मैसेज न करे वरना वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगी, तो राइडर पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. उसने बेखौफ होकर महिला से कहा कि वह जहां चाहे शिकायत कर दे, यहां तक कि रैपिडो कंपनी में भी शिकायत कर ले. महिला ने इस चैट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए कंपनी द्वारा चालकों के बैकग्राउंड वेरिफिकेशन पर सवाल उठाए.
मामला सामने आने के बाद रैपिडो ने आधिकारिक जवाब जारी कर खेद जताया. कंपनी ने कहा कि वे ग्राहकों की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देते हैं. रैपिडो ने गीतिका से राइड आईडी और पंजीकृत मोबाइल नंबर साझा करने को कहा ताकि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जा सके.
नोएडा में ही कुछ समय पहले भी रैपिडो से जुड़ी एक सुरक्षा चूक का मामला सामने आया था. सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर एक महिला ने रात 11 बजे बाइक बुक की थी, लेकिन बाइक की जगह एक कार चालक वहां पहुंच गया और महिला को उसमें बैठने के लिए मजबूर करने लगा. महिला के मना करने पर उसने पीछा भी किया था, जिसके बाद पीड़िता ने सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताई थी.