West Bengal Assembly Election 2026 Tamil Nadu Assembly Election 2026

'यह हमारी बहादुर सेना का साहस था...', ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जैश आतंकी के कबूलनामे पर बोले राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर में किसी तीसरे पक्ष का कोई हाथ नहीं था. उन्होंने कहा अगर कोई और आतंकी घटना होती है तो ऑपरेशन सिंदूर फिर से शुरू किया जाएगा.

X
Sagar Bhardwaj

Operation Sindoor: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान में हुई तबाही को लेकर जैश ए मोहम्मद के शीर्ष कमांडर द्वारा की गई स्वीकारोक्ति का हवाला देते हुए भारतीय सेना की भूरी-भूरी प्रशंसा की.

हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोद के नेतृत्व में देश की ताकत और बढ़ाई गई है और दुनिया की कोई भी ताकत भारत की संप्रभुता को चुनौती देने का साहस नहीं कर सकतीं.

रक्षा मंत्री ने कहा, 'जैश के कमांडर ने स्वीकार किया है कि ऑपरेशन सिंदूर में खूंखार आतंकी मसहूद अजहर का परिवार खत्म हो गया, यह हमारे जवानों की बहादुरी और साहस का नतीजा था. पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की ताकत और बढ़ी है. इसलिए कोई भी ताकत भारत की संप्रभुता को चुनौती देने की हिम्मत नहीं कर सकती.'

रक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं ऑपरेशन सिंदूर रोक दिया गया है लेकिन मैं पूरे देश को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि इसे रोका नहीं गया है, जरूरत पड़ी तो इसे फिर से शुरू किया जाएगा.

बता दें कि हाल ही में जैश ए मोहम्मद के शीर्ष कमांडर मसूद इलियास ने एक वीडियो जारी कर स्वीकार किया कि ऑपरेशन सिंदूर में जैश प्रमुख मौलान मसूद अजहर के पूरे परिवार को खत्म कर दिया गया. वीडियो में इलियास ऊंची आवाज में अपना दुखड़ा रो रहा है जबकि उसके पीछे कई आतंकवादी हाथ में बंदूक लिए हुए खड़े हैं.

पीएम मोदी ने भी की सराहना

इससे पहले पीएम मोदी ने इलियास के वीडियो को लेकर सेना की सराहना की थी. उन्होंने कहा कि सेना ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया.

अपने 75वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के धार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा- कल ही पूरे देश और दुनिया ने देखा कि एक पाकिस्तानी आतंकवादी रो-रोकर अपना हाल बयां कर रहा है. यह नया भारत है. यह किसी के परमाणु के धमकाने से नहीं डरता...घर में घुसकर मारता है.