सीएम सुवेंदु अधिकारी के PA का हत्यारोपी गिरफ्तार, हरिद्वार से दिल्ली भाग रहा था राजकुमार सिंह
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी राजकुमार सिंह कि गिरफ्तारी NH58 हाइवे के छपार टोल प्लाजा पर उस वक्त हुई जब वह हरिद्वार से दिल्ली भागने की कोशिश कर रहा था
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी राजकुमार सिंह कि गिरफ्तारी NH58 हाइवे के छपार टोल प्लाजा पर उस वक्त हुई जब वह हरिद्वार से दिल्ली भागने की कोशिश कर रहा था.
बलिया का रहने वाला है राजकुमार
सीबीआई और मुजफ्फरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया और एनएच58 पर आरोपी को धर दबोचा. जानकारी के मुताबिक, आरोपी उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला है. राजकुमार सिंह को शार्प शूटर बताया जा रहा है. राजकुमार की ट्रांजिट रिमांड के लिए सीबीआई सीजेएम कोर्ट पहुंच गई है.
बता दें कि सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना के मध्यग्राम में हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है. सीबीआई की जांच में आरोपी के तौर बलिया के रातोपुर निवासी राजकुमार सिंह का नाम सामने आया था.
आरोपी को पकड़ने के लिए सीबीआई ने बिछाया जाल
सोमवार तड़के राजकुमार अपने परिवार के साथ हरिद्वार से वापस लौट रहा था. उसे भनक तक नहीं थी कि सीबीआई पहले से ही मुजफ्फरनगर स्थित टोल प्लाजा पर उसे दबोचने के लिए डेरा डालकर बैठी है. जैसे ही वह टोल प्लाजा पर पहुंचे पुलिस ने उसे धर दबोचा. राजकुमार की गिरफ्तारी से इस मामले में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है.
'टीएमसी ने मेरे बेटे को मरवाया है'
एक दिन पहले मीडिया से बात करते हुए चंद्रनाथ रथ की मां ने कहा कि उनके बेटे का कोई राजनीतिक जुड़ाव नहीं था. उन्होंने टीएमसी पर बोलते हुए कहा कि मुझे लगता है कि वे उस हार को स्वीकार नहीं कर पाए जो तत्कालीन मुख्यमंत्री को भवानीपुर सीट पर मिली थी. जिस तरह से अभिषेक बनर्जी ने सरेआम धमकी भरे बोल बोले, उससे मेरी निजी राय है कि टीएमसी ने ही मेरे बेटे की हत्या की है. मैं दोषियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा चाहती हूं.