IMD Weather

दिलवालों की दिल्ली में 'दर्दनाक' साबित हो रही बारिश, बेसमेंट-पार्क में डूबे इंसान, दो महीने में 18 मौतें

दिल्ली के लिए बारिश दर्दनाक साबित हो रही है. आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो महीनों में दिल्ली में जलभराव के कारण डूबने या बिजली का झटका लगने से लगभग 18 मौतें हुई हैं. राजधानी में लगातार बारिश के कारण शहर और उसके आस-पास के इलाकों में भयंकर जलभराव हो गया है.

Social Media
India Daily Live

दिल्ली में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हो रही है. जलभराव के कारण पिछले दो महीनों में देश की राजधानी में करीब 20 लोगों की मौत हो चुकी है. ये मौतें या तो डूबने से हुई हैं या फिर बिजली के करंट लगने से. मरने वालों में कम से कम छह बच्चे थे जिनकी उम्र 3 से 10 साल के बीच थी. आंकड़ों के अनुसार जलभराव वाले क्षेत्रों में डूबने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग बिजली गिरने से मारे गए.

यूपीएससी की तैयारी के लिए हब कहा जाने वाला ओल्ड राजेंद्र नगर के एक कोचिंग के बेसमेंट में तीन छात्रों की डूबने से मौत हो गई. तानिया सोनी (25), श्रेया यादव (25) और नवीन डेल्विन (28) बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे थे. अचानक पानी भरने  से तीनों बेसमेंट में डूब गए. ये मामला पूरे देश में चर्चा में रही. छात्रों ने कई दिनों तक सड़क पर प्रदर्शन किया और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. 

करंट लगने से गई कई जान

डूबने के अलावा कई लोगों की बिजली से भी मौत हुई. बिजली के झटके से मरने वाले ज़्यादातर लोग वयस्क थे. दो मामलों में, घर के बाहर या परिसर में बारिश का पानी जमा होने के बाद बिजली के तार के संपर्क में आने से नागरिकों की जान चली गई. ताजा घटना शनिवार को हुई जब दिल्ली के रोहिणी में एक 7 वर्षीय बच्चा पानी से भरे पार्क में डूब गया. वह अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए वहां गया था.

क्रिकेट मैदान में गई बच्चे की जान

राजधानी में लगातार बारिश के कारण शहर और उसके आस-पास के इलाकों में भयंकर जलभराव हो गया है. शनिवार को एक अन्य घटना में, बाहरी दिल्ली के रणहौला इलाके में एक क्रिकेट मैदान पर बिजली का करंट लगने से 13 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई. दिल्ली पुलिस ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, लड़का बिजली के तार वाले लोहे के खंभे के संपर्क में आ गया. यह घटना कोटला विहार फेज 2 के क्रिकेट मैदान पर उस समय हुई जब लड़का गेंद लेने गया था.

इसके अलावा शनिवार को दिल्ली के प्रेम नगर इलाके में खाली पड़े प्लॉट में जमा बारिश के पानी में 15 साल के दो किशोर डूब गए. पुलिस ने बताया कि वे नहाने गए थे, लेकिन उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे प्लॉट पर क्रिकेट खेलने गए थे. मामले के संबंध में लापरवाही के कारण अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. तीन हफ़्ते पहले, दिल्ली में एक 26 वर्षीय यूपीएससी अभ्यर्थी की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई थी . अभ्यर्थी की पहचान नीलेश राय के रूप में हुई थी और यह घटना पटेल नगर मेट्रो स्टेशन के पास हुई.