राहुल गांधी के PM मोदी पर तंज से भड़की BJP, कांग्रेस पर लगाए पुराने समझौतों के आरोप
देश की राजनीति में एक बार फिर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की.
नई दिल्ली: देश की राजनीति में एक बार फिर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की, जिसके बाद बीजेपी ने उन पर जमकर हमला बोला. विवाद की शुरुआत वैश्विक नेताओं की एक अहम बैठक की तस्वीर को लेकर हुई, जिसमें अमेरिका, चीन और रूस के प्रमुख नेता नजर आए.
राहुल गांधी ने PM मोदी पर क्या कहा?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की एक साथ बैठक की तस्वीर साझा की. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस बैठक में मौजूद होते.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि समझौता करने वाला प्रधानमंत्री ऐसी महत्वपूर्ण बैठक में जगह नहीं बना सकता. उनके इस बयान को प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका पर निशाना माना जा रहा है.
Also Read
भारत की विदेश नीति पर भी छिड़ी बहस:
राहुल गांधी इससे पहले अमेरिका के शिकागो में एक कार्यक्रम के दौरान भारत की विदेश नीति पर सवाल उठा चुके हैं. उन्होंने कहा था कि भारत पहले अंतरराष्ट्रीय मामलों में स्वतंत्र सोच रखता था और अपनी बात मजबूती से सामने रखता था, लेकिन अब वैश्विक राजनीति में उसकी भूमिका कमजोर होती दिखाई दे रही है.
राहुल ने पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए कहा था कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान जैसे देशों के साथ बातचीत कर रहा है, जबकि भारत महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय चर्चाओं में पीछे नजर आ रहा है. इस बयान पर भी बीजेपी ने नाराजगी जताई थी. बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी पर पाकिस्तान की तारीफ करने और भारत के खिलाफ नकारात्मक माहौल बनाने का आरोप लगाया.