'राहुल गांधी भारत की सुरक्षा के लिए खतरनाक', किरेन रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष का एंटी-इंडिया फोर्सेस से कनेक्शन का क्यों किया दावा

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति बताया है. उन्होंने विपक्ष के नेता पर देश-विरोधी ताकतों से जुड़ाव और माओवादियों से मिलने के आरोप लगाए. राहुल का व्यवहार बचकाना और गैर जिम्मेदाराना कहा.

ani
Kuldeep Sharma

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक साक्षात्कार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं, क्योंकि वे विदेशी और घरेलू स्तर पर देश-विरोधी लोगों से मिलते हैं.

रिजिजू ने संसद की हालिया कार्यवाही में हुए हंगामे को लेकर भी विपक्ष की आलोचना की, जहां कागज फेंकने और बैनर लहराने जैसी घटनाएं हुईं. उन्होंने राहुल के व्यवहार को उनके पद के लायक नहीं बताया और कांग्रेस की स्थिति पर भी सवाल उठाए. यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है, जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच तनाव बढ़ता नजर आ रहा है.

राहुल का व्यवहार बचकाना

रिजिजू ने राहुल गांधी के आचरण को बचकाना और गैरजिम्मेदाराना करार दिया है. उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता होने के नाते उन्हें पूरे विपक्ष का प्रतिनिधित्व करना चाहिए, लेकिन वे संसद के बाहर जाकर लोगों को गद्दार कहते हैं और नाटकीय धरने देते हैं. एक अप्रकाशित किताब पढ़ने की जिद भी उनके इसी रवैये का हिस्सा है. मंत्री ने राहुल के पूर्व सहयोगी और वर्तमान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से हुई बहस का जिक्र किया.

संसद में हुए हंगामे पर क्या कहा

संसद की हालिया सत्र में हुए व्यवधान पर रिजिजू ने कहा कि राजनीतिक शोर-शराबा तो सामान्य है, हर दल अपनी मांग रखता है. लेकिन विपक्ष ने स्पीकर पर कागज फेंके और सत्ता पक्ष की ओर बैनर लेकर गए, जो अस्वीकार्य है. जब भाजपा विपक्ष में थी, तब ऐसा नहीं किया. यह व्यवहार संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाता है और मुझे दुख पहुंचाता है. 

सुरक्षा पर खतरा बताया

मंत्री ने राहुल को भारत की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया, क्योंकि वे देश-विरोधी ताकतों से जुड़े हैं. वे विदेश में जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मिलते हैं और घर में नक्सलवादियों, चरमपंथियों से संपर्क रखते हैं. एपस्टीन फाइल्स विवाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम बेवजह घसीटना भी निराशाजनक है. अगर सबूत हैं तो पेश करें, वरना ऐसी बातें निराधार हैं.

कांग्रेस की स्थिति पर दी प्रतिक्रिया

रिजिजू ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें पार्टी ने उनसे दूरी बना ली. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी मजबूत नेताओं वाली पार्टी थी, लेकिन अब राहुल गांधी के इर्द-गिर्द सब वैसा ही हो गया है. तीन बार हारने के बाद भी उन्हें नेता बनाए रखना आश्चर्यजनक है. भाजपा में ऐसा नहीं होता.