menu-icon
India Daily

दिल्ली में 'गुमशुदा' हुए राहुल गांधी! सड़कों पर लगे पोस्टरों से मचा सियासी बवाल

दिल्ली में राहुल गांधी को लेकर लगे 'गुमशुदा' पोस्टरों ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है. पोस्टर लगाने वालों की पहचान सामने नहीं आई है. इस मुद्दे पर बीजेपी ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है.

KanhaiyaaZee
दिल्ली में 'गुमशुदा' हुए राहुल गांधी! सड़कों पर लगे पोस्टरों से मचा सियासी बवाल
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर लगे पोस्टरों ने नई राजनीतिक बहस छेड़ दी. कई प्रमुख इलाकों में लगे पोस्टरों में राहुल गांधी को 'गुमशुदा' बताया गया. पोस्टरों के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं. खास बात यह रही कि पोस्टरों पर उन्हें लगाने वाले संगठन या व्यक्ति का नाम नहीं था. इस घटनाक्रम के बाद बीजेपी ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कई सवाल खड़े किए हैं.

रविवार सुबह दिल्ली के फिरोजशाह रोड समेत कई इलाकों में राहुल गांधी की तस्वीर वाले पोस्टर नजर आए. इनमें उन्हें 'गुमशुदा' बताया गया था. पोस्टरों में उनकी पहचान का भी उल्लेख किया गया था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं था कि इन्हें किसने लगवाया है. पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया.

विदेश यात्राओं को लेकर बढ़ी सियासत

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब बीजेपी लगातार राहुल गांधी की कथित विदेश यात्राओं को लेकर सवाल उठा रही है. भाजपा नेताओं का आरोप है कि महत्वपूर्ण राजनीतिक अवसरों और संसदीय गतिविधियों के दौरान राहुल गांधी अक्सर देश से बाहर रहते हैं. इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने एक बार फिर कांग्रेस नेतृत्व को घेरने की कोशिश की है.

बीजेपी का तीखा हमला

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए LoP का अर्थ 'Leader of Opposition' नहीं बल्कि 'Leader of Paryatan and Partying' हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी राजनीतिक जिम्मेदारियों से अधिक यात्राओं और निजी कार्यक्रमों को प्राथमिकता देते हैं.

जिम्मेदारियों को लेकर उठाए सवाल

पूनावाला ने दावा किया कि जब संसद सत्र चल रहा होता है या पार्टी को संगठनात्मक स्तर पर नेतृत्व की आवश्यकता होती है, तब राहुल गांधी अक्सर विदेश यात्रा पर चले जाते हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता होने के नाते उनकी भूमिका अधिक सक्रिय होनी चाहिए, लेकिन उनका अधिकांश समय यात्राओं में गुजरता है.

पोस्टरों पर अब भी बना रहस्य

राहुल गांधी के पोस्टर किसने लगाए, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. न तो किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी ली है और न ही प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट बयान आया है. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को नया मुद्दा दे दिया है और आने वाले दिनों में इस पर बयानबाजी और तेज हो सकती है.