menu-icon
India Daily

LIVE PM Modi Mann Ki Baat Live: आज मन की बात में पीएम मोदी ने कई अहम मुद्दों पर की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे 'मन की बात' कार्यक्रम की 135वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित करेंगे. इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नवाचार, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
PM Modi Mann Ki Baat Live: आज  मन की बात में पीएम मोदी ने कई अहम मुद्दों पर की चर्चा
Courtesy: ANI

PM Modi Mann Ki Baat Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे अपने लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया है. इस कार्यक्रम में वे देश और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार साझा कर रहे हैं, जिसमें शासन, विकास, नवाचार और युवा सशक्तिकरण जैसे विषय प्रमुख रहेंगे. यह कार्यक्रम न केवल सरकारी योजनाओं और पहलों की जानकारी देता है, बल्कि आम लोगों की प्रेरणादायक कहानियों को भी सामने लाता है. इससे समाज में सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा मिलता है. पल-पल की अपडेट के लिए इंडिया डेली के लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें. 

11:38:15 AM

मध्य प्रदेश में महिलाओं की पहल से प्लास्टिक कचरे का हुआ समाधान

‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की कुछ महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे को हटाने का संकल्प लिया. उन्होंने किसी और पर बदलाव का इंतजार करने के बजाय खुद ही शहरभर से प्लास्टिक कचरा और खाली बोतलें इकट्ठा करना शुरू किया.

धीरे-धीरे यह अभियान बड़ा होता गया और एकत्र किए गए प्लास्टिक को ‘इको-ईंटों’ में बदला जाने लगा. प्रधानमंत्री ने बताया कि आज इन्हीं इको-ईंटों का उपयोग सार्वजनिक स्थानों की सुंदरता बढ़ाने में किया जा रहा है. पिछले कुछ महीनों में राजगढ़ में सैकड़ों किलो प्लास्टिक का पुनर्चक्रण कर उसे उपयोगी बनाया गया है, जिससे जो कचरा पहले प्रदूषण फैला रहा था, वह अब शहर की सुंदरता का हिस्सा बन गया है.

11:36:44 AM

डोमिनिकन रिपब्लिक में भारतीय संस्कृति की अनोखी पहल

‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारतीय संस्कृति दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच रही है और लोग हमारे गीत, संगीत और आध्यात्मिक परंपराओं को अपना रहे हैं. उन्होंने बताया कि भारत से हजारों किलोमीटर दूर कैरिबियन सागर में स्थित डोमिनिकन रिपब्लिक में भी यह प्रभाव देखा जा रहा है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि वहां भारतीय मूल की आबादी बहुत कम है, फिर भी कुछ स्पेनिश भाषी स्थानीय लोगों ने मिलकर भारतीय संस्कृति और आध्यात्म से जुड़ी एक शानदार पहल शुरू की है. इस टीम का नाम ‘ब्राह्मकमल डोमिनिका’ रखा गया है, जो भारतीय परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रेरणादायक उदाहरण है.

11:34:36 AM

विदेश में भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपरा का प्रसार

‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “ब्राह्मकमल डोमिनिका” के सदस्य वैदिक साहित्य का अध्ययन एक साथ कर रहे हैं और वे वैदिक मंत्रों का उच्चारण सीख रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन लोगों को किसी औपचारिक प्रशिक्षण के बिना केवल ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनकर सही उच्चारण सीखने में सफलता मिली है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वे लोग आज पुरूष सूक्त, श्री सूक्त, श्री रुद्रम, दुर्गा सूक्त और देवी महात्म्य जैसे कई मंत्रों का बहुत अच्छी तरह से उच्चारण कर रहे हैं। उन्होंने इसे भारत से दूर रहते हुए अपनी परंपराओं को सीखने और आगे बढ़ाने का प्रेरणादायक प्रयास बताया और ‘ब्राह्मकमल डोमिनिका’ के सभी सदस्यों को उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं.

11:30:57 AM

नालंदा विश्वविद्यालय में शास्त्रार्थ परंपरा का पुनर्जागरण

‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हजारों साल पुराना नालंदा विश्वविद्यालय आज नए स्वरूप में भारत के भविष्य को दिशा दे रहा है. उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर को देश को समर्पित किया था. प्रधानमंत्री ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय ने हमारी प्राचीन ‘शास्त्रार्थ’ परंपरा को पुनर्जीवित किया है, जो केवल विचार व्यक्त करने का माध्यम नहीं बल्कि तर्क, संवाद और गहन चिंतन की एक अनुशासित प्रक्रिया है. यह परंपरा हमें अपने विचारों को तथ्य और तर्क के साथ रखने के साथ-साथ दूसरों की बातों को धैर्य से सुनना भी सिखाती है. उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय ने इस परंपरा को अपने दीक्षांत समारोह में शामिल किया है, जहां लगभग आधे छात्र विदेशी थे, जो इस प्राचीन और आधुनिक शिक्षा के मेल को और भी सराहनीय बनाता है.

11:29:26 AM

संस्कृत विश्वविद्यालय में AI और डेटा साइंस कोर्स की शुरुआत

‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि दिल्ली स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस में बी.टेक कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह कदम आधुनिक तकनीक और भारत के पारंपरिक ज्ञान को जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे भारतीय भाषाओं के लिए नए AI टूल्स विकसित करने में मदद मिलेगी और प्राचीन ग्रंथों व पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण तथा संरक्षण को भी गति मिलेगी. उन्होंने इस पहल के लिए केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय को शुभकामनाएं दीं.

11:27:54 AM

‘हरगिला’ पक्षी को मिला नया जीवन'

‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के ‘हरगिला’ नामक दुर्लभ पक्षी का उदाहरण देते हुए कहा कि यह पक्षी पर्यावरण को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन लंबे समय तक इसे अशुभ माना जाता था. कई इलाकों में लोग इसे अपने आसपास नहीं देखना चाहते थे और इसके घोंसले वाले पेड़ों तक को काट दिया जाता था.

प्रधानमंत्री ने बताया कि इसी दौरान जीव वैज्ञानिक पूर्णिमा देवी बर्मन ने लोगों की गलत धारणाओं को बदलने की पहल की. उन्होंने महिलाओं को विज्ञान के आधार पर जानकारी दी, जिसके बाद धीरे-धीरे बड़ी संख्या में महिलाएं इस अभियान से जुड़ गईं. इसके परिणामस्वरूप जो पक्षी कभी बदनामी का प्रतीक माना जाता था, वह आज गांवों की पहचान बन गया है और हजारों ग्रामीण महिलाएं मिलकर ‘हरगिला आर्मी’ के रूप में इसके संरक्षण में जुटी हुई हैं.

11:26:05 AM

अंधविश्वास पर पीएम मोदी की बात

‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब वे एक ऐसे विषय पर चर्चा करना चाहते हैं जो हजारों वर्षों से मानव समाज में गहराई से जुड़ा रहा है, और वह है अंधविश्वास. उन्होंने कहा कि अंधविश्वास केवल एक गलत धारणा नहीं होती, बल्कि यह भय को जन्म देता है और जब मन में भय हावी हो जाता है, तो व्यक्ति सत्य को देख नहीं पाता.

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि अंधविश्वास में जकड़े लोग बिना तर्क और तथ्यों की समझ के फैसले लेने लगते हैं, जिससे अक्सर बड़ा नुकसान होता है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे निर्णय समाज और व्यक्ति दोनों के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं.

11:22:54 AM

सोना न खरीदने की अपील और कारपूलिंग को मिला देशभर से समर्थन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए उन्होंने देशवासियों से कुछ समय के लिए सोना न खरीदने की अपील की थी. उन्होंने बताया कि इस अपील को लोगों ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया और व्यापक सहयोग दिया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि कई लोगों ने अपने अनुभव साझा किए हैं और सामूहिक प्रयासों की मिसाल पेश की है. उन्होंने कारपूलिंग जैसी पहल का भी जिक्र किया, जिसमें एक ही दिशा में जाने वाले लोग अब एक साथ यात्रा कर रहे हैं, जिससे सहयोग और संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है.

11:13:40 AM

UP उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक कार्यक्रम को सुनते हुए

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का 135वां एपिसोड सुन रहे हैं.

10:57:51 AM

कहां देखें और सुनें ‘मन की बात’?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी के सभी नेटवर्क पर किया जाएगा. इसे दूरदर्शन, एआईआर न्यूज वेबसाइट और न्यूजऑनएयर मोबाइल ऐप पर भी लाइव सुना और देखा जा सकता है. इसके अलावा एआईआर न्यूज, डीडी न्यूज, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनलों के साथ-साथ इंडिया डेले के लाइव ब्लॉग से जुड़ सकते हैं. इसका सीधा प्रसारण उपलब्ध रहेगा. जो लोग लाइव नहीं देख पाएंगे, वे बाद में इसका रिकॉर्डेड संस्करण भी इन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर देख सकते हैं.

10:37:34 AM

क्या है इस कार्यक्रम की खासियत?

'मन की बात' के 135वें एपिसोड को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है. श्रोता समकालीन मुद्दों पर प्रधानमंत्री के विचार और देश के भविष्य को लेकर उनके संदेश का इंतजार कर रहे हैं. यह कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ साथ नागरिकों को विभिन्न राष्ट्रीय अभियानों और सामाजिक कार्यों में भागीदारी के लिए भी प्रेरित करता है.