राहुल गांधी ने बनाया मुरब्बा तो सोनिया गांधी ने किचिन में की मदद, BJP पर कसा तंज, देखें मां-बेटे का Video
इस वीडियो को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया है. अब ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है. इसमें राहुल और सोनिया भाजपा का मजाक उड़ाते भी नजर आ रहे हैं.
Rahul Gandhi Video: कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक बार फिर अपनी मां सोनिया गांधी के साथ बेहतरीन समय बिताते हुए नजर आए हैं. सोशल मीडिया पर शेयर किए एक वीडियो के अनुसार, राहुल गांधी मुरब्बा बनाना सीख रहे हैं. वहीं उनकी मां सोनिया गांधी किचिन में उनकी मदद करती नजर आ रही हैं. यह पहली बार नहीं है जब मां-बेटे की जोड़ी का ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर आया है. इससे पहले भी राहुल गांधी ने छोटे पपी (पेट डॉग) लाकर अपनी मां को सरप्राइज दिया था.
इस वीडियो को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया है. अब ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है. इसमें राहुल और सोनिया भाजपा का मजाक उड़ाते भी नजर आ रहे हैं.
पहले बगीचे से तोड़े फल, धोए और फिर शुरू किया बनाना
वीडियो की शुरुआत में सोनिया गांधी और राहुल गांधी बगीचे से फल तोड़ते नजर आ रहे हैं. राहुल पूछते हैं कि हम इसे किसी तरह तोड़ क्यों नहीं सकते. तो सोनिया गांधी ने कहा कि इस फल को अच्छे से तोड़ लेना चाहिए. बाद में फलों को अच्छे से धोएं. इसके बाद राहुल ने अपनी मां सोनिया की मदद से मुरब्बा बनाना शुरू किया. इस दौरान राहुल ने कहा कि जैम बनाने की रेसिपी उनकी बहन प्रियंका गांधी की है.
मुरब्बा बनाते समय राहुल और सोनिया ने उड़ाया भाजपा का मजाक
मां को ये बहुत पसंद है. इसीलिए वे इसे बनाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे तो इसे खा भी सकती है. सोनिया गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि वे इसे हम पर फेंक देंगे. ये सुनकर वहां मौजूद लोग हंसने लगते हैं. फिर सोनिया गांधी ने कहा कि मैं भी जिद्दी हूं और ये भी जिद्दी है. तो समझ लीजिए कि दोनों जिद्दी हैं. उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद नरम दिल और स्नेही हैं. जब मैं बीमार होती हूं तो प्रियंका और राहुल दोनों मेरा ख्याल रखते हैं.