'राहुल गांधी को जंतर-मंतर जाना चाहिए', सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर उद्धव ठाकरे की कांग्रेस से अपील
उद्धव ठाकरे ने राहुल गांधी से जंतर-मंतर पहुंचकर कॉकरोच जनता पार्टी के छात्र आंदोलन का समर्थन करने की अपील की.
शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन का समर्थन करने की अपील की है. सोमवार को मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठाकरे ने कहा कि वे स्वयं भी आंदोलन स्थल पर जाएंगे और देश के युवाओं के भविष्य पर भरोसा रखने वाले सभी लोगों को इस प्रदर्शन में शामिल होना चाहिए. उनके बयान के बाद छात्र आंदोलन को लेकर विपक्षी राजनीति और तेज होती दिखाई दे रही है.
20 जुलाई को जंतर-मंतर पहुंचेंगे ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने कहा, 'मैं भी जाऊंगा, राहुल गांधी जी को भी जाना चाहिए. देश के युवाओं पर विश्वास रखने वाले सभी लोगों को वहां पहुंचना चाहिए. पूरे देश के लोगों को सड़कों पर उतरकर इस आंदोलन का समर्थन करना चाहिए.' जानकारी के मुताबिक, ठाकरे 20 जुलाई को दिल्ली जाकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करेंगे. उनका यह दौरा विपक्षी एकजुटता के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.