राहुल गांधी को लेकर जा रही फ्लाइट की करानी पड़ी इमरजेंसी गो-अराउंड, 10 मिनट बाद हुई लैंडिंग

दिल्ली से लखनऊ आ रही Air India की फ्लाइट को मंगलवार को तेज हवा के कारण पहली कोशिश में लैंडिंग रोकनी पड़ी.

X
Ashutosh Rai

Rahul Gandhi Flight: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को दिल्ली से लखनऊ जा रहे Air India के विमान में सवार थे. लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरते समय विमान को पहली कोशिश में गो-अराउंड करना पड़ा. तेज हवा के दबाव के चलते पायलट ने दोबारा लैंडिंग का फैसला लिया और विमान सुरक्षित उतरा.

तेज हवा के चलते पहली बार नहीं उतर सका विमान

Air India की फ्लाइट AI-1717 मंगलवार को दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी. इसमें राहुल गांधी के साथ दूसरे यात्री भी मौजूद थे. लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद विमान ने दोपहर करीब 3 बजकर 45 मिनट पर लैंडिंग की कोशिश की. एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, उस समय तेज हवा के कारण पायलट को लैंडिंग की स्थिति ठीक नहीं लगी. ऐसे में विमान को नीचे उतारने के बजाय दोबारा ऊपर ले जाया गया. विमान के इस तरह दोबारा ऊंचाई लेने की प्रक्रिया को गो-अराउंड कहा जाता है.

10 मिनट बाद दोबारा हुई सुरक्षित लैंडिंग

गो-अराउंड के बाद पायलट ने कुछ देर स्थिति का आकलन किया और फिर विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने की कोशिश की. करीब 10 मिनट बाद, दोपहर 3 बजकर 55 मिनट पर AI-1717 की सुरक्षित लैंडिंग हो गई. विमान के दूसरी बार उतरने के बाद राहुल गांधी समेत सभी यात्री सामान्य तरीके से बाहर आए. इस दौरान किसी अप्रिय घटना की जानकारी सामने नहीं आई. एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हुए.


गो-अराउंड क्यों किया जाता है?

विमान का गो-अराउंड होना अपने आप में किसी हादसे का संकेत नहीं है. यह विमानन में इस्तेमाल होने वाली सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है. अगर पायलट को लैंडिंग के समय मौसम, हवा, रनवे या किसी दूसरी वजह से स्थिति ठीक नहीं लगती, तो विमान को उतारने के बजाय फिर से ऊपर ले जाया जाता है. इसके बाद पायलट हालात को देखते हुए दोबारा लैंडिंग करता है.