पुणे में 9 साल की बच्ची से रेप के बाद हत्या का आरोप, युवक गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पुणे जिले में 9 साल की बच्ची के साथ कथित रेप और हत्या का बेहद गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में 25 साल के एक पड़ोसी युवक को गिरफ्तार किया है.

Pinterest
Shilpa Srivastava

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले में 9 साल की बच्ची के साथ कथित रेप और हत्या का बेहद गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में 25 साल के एक पड़ोसी युवक को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद इलाके में भारी गुस्सा है. बच्ची के परिवार और ग्रामीणों ने पुणे-नासिक हाईवे को जाम कर आरोपी को फांसी देने और मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की.

बच्ची एक खेत मजदूर परिवार से थी और कक्षा 4 में पढ़ती थी. पुलिस के अनुसार, मंगलवार को तबीयत खराब होने के कारण वह स्कूल नहीं गई थी. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, दोपहर के समय बच्ची के माता-पिता काम के लिए घर से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची को निशाना बनाया. पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने बच्ची के साथ रेप किया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.

बच्ची के न मिलने पर शुरू की तलाश:

जब बच्ची घर पर नहीं मिली तो परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की. कई घंटे तक तलाश के बाद भी जब बच्ची का पता नहीं चला तो परिवार पुलिस के पास पहुंचा और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. सबसे बड़ी बात पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए जांच शुरू की. इसी दौरान आरोपी भी कथित तौर पर ग्रामीणों और पुलिस के साथ बच्ची को खोजने में शामिल हो गया. पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की.


जांच के दौरान पुलिस को एक फुटेज में साइकिल से जाता हुआ एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. पूछताछ में साहिल खैरे ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि CCTV में दिखाई दे रहा व्यक्ति वही है. इसके बाद पुलिस ने उससे आगे पूछताछ की, जिसमें उसने कथित अपराध कबूल किया.

पेड़ के नीचे मिला बच्ची का शव:

पुलिस के अनुसार, आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर बच्ची का शव एक नाले के पास पेड़ के नीचे से बरामद किया गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर जरूरी सबूत जुटाए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के नतीजे अहम होंगे. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग:

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने पुणे ग्रामीण एसपी संदीप सिंह गिल से फोन पर बात कर मामले की जानकारी ली और पुलिस को निष्पक्ष तथा पूरी जांच करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. सुनेत्रा पवार ने यह भी कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलाने का विशेष अनुरोध करेंगी, ताकि दोषी पाए जाने पर आरोपी को जल्द सजा मिल सके.

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, हाईवे किया जाम:

पिंपलवंडी और जुन्नर इलाके में इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है. बच्ची के परिवार और ग्रामीणों ने पुणे-नासिक हाईवे पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा देने और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग की. ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई और उन्हें न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

परिवार ने की कड़ी सजा की मांग:

बच्ची के एक रिश्तेदार ने रोते हुए आरोपी के लिए सबसे कड़ी सजा की मांग की. परिवार का कहना है कि बच्ची के माता-पिता रोजी-रोटी के लिए काम पर गए थे और इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची को अपने जाल में फंसा लिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, CCTV फुटेज और फोरेंसिक सबूतों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.